गम्हरिया
—–
जनता के लंबित कार्यों के निष्पादन तथा भ्रष्टाचार के विरोध में राजद द्वारा गम्हरिया प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष गाजू साव ने किया। इस मौके पर मुख्य रुप से उपस्थित युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष मुस्तफा अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है जिससे जनता तंग आ चुकी है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने जनता को अच्छे दिन आने का सपना दिखाया था, किन्तु अबतक उनके अच्छे दिन नहीं आए। उन्होंने सरकार से उनके बुरे दिन ही वापस करने की मांग करते हुए कहा कि अब जनता को फिर से 80 रुपये किलोग्राम दाल वाले दिन पर ही सरकार ले जाए। इस मौके पर बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित प्रदेश महासचिव अर्जुन प्रसाद यादव ने राज्य के प्रखंड व अंचल कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की मांग किया। कार्यक्रम को पूर्व जिलाध्यक्ष शमशाद अंसारी, संजय कुमार सिंह, महिला सेल जिलाध्यक्ष पूजा टुडू आदि ने भी संबोधित किया। संचालन प्रदेश सचिव देव प्रकाश देवता ने किया। कार्यक्रम के बाद उपायुक्त को संबोधित एक ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपा गया। इस मौके पर संतोष महतो, अम्बिका बनर्जी, अनिल कुमार, डाॅली मुर्मु, पुष्पा सिंह, राज कुमारी सिंह, सावित्री मुर्मु, अंजू मुर्मु समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।




