गम्हरिया
—–
न्यूनतम मजदूरी की मांग पर विगत चार माह से हड़ताल पर बैठे पाॅलीपैक मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी के कामगारों का मामला अब राज्य के श्रम मंत्री तक पहुँचाया जाएगा। पूर्व में इस संबंध में श्रम अधीक्षक समेत अन्य विभागीय पदाधिकारियों तक इस मामले को ले जाया गया था। जिसपर आगामी सोमवार को भी डीएलसी कार्यालय में सुनवाई होनेी है। उपरोक्त बातें भारतीय मजदूर संध के प्रदेश अध्यक्ष जय नारायण शर्मा ने कंपनी गेट के बाहर संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर कही। उन्होंने कहा कि अपने हक की मांग करने के लिए विगत चार माह से कंपनी के सभी कामगारों को ड्यूटी से हटा दिया गया है जिससे उनके परिवार के समक्ष भूखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। किन्तु प्रबंधन के अडि़यल रवैये के कारण मजदूरों को न तो वेतन दिया जा रहा है और न ही कार्य पर लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रबंधन द्वारा कंपनी में रखे कच्चे माल को जुगसलाई स्थित बगैर बोर्ड लगाए एक कंपनी में ले जाया गया और वहाँ कुछ कामगारों को रखकर उत्पादन कराया जा रहा है। इन सब बातों को श्रम मंत्री के समक्ष रखकर कंपनी के कामगारों को उनका हक दिलाने की मांग की जाएगी। इस मौके पर आदित्यपुर औद्योगिक मजदूर संघ के जिला महामंत्री चन्द्रमा पांडेय, अनिता मजूमदार, सिपाही दूबे, सुलेन राय, लक्ष्मण प्रधान, दूर्गा नायक आदि भी उपस्थित थे।
