
रांची । पहली बार किसी सरकारी कार्यक्रम में उत्सव जैसा माहौल है। पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। रंग बिरंगी लाइट की रोशनी से रात में दिवाली जैसा नजारा है। रैयरी लगभग ख़तम हो चुकी है 16 और 17 फरवरी को खेलगांव में होने वाले ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट की।


एयरपोर्ट पर आगंतुकों के स्वागत के लिए तोरणद्वार बनाए गए हैं। 100 ऊंचा तिरंगा झंडा लगाया गया है, जिससे उनमें भारत के प्रति सम्मान का भावना आए। सभी प्रमुख मार्ग के डिवाइडर का रंग-रोगन किया गया है। बीच में पौधे लगाए गए हैं, इससे हरियाली दिख रही है। जिस सड़क के किनारे कभी कूड़ा फैला रहता था, अब वह साफ दिख रहा है। सजावटी पौधे खूबसूरती बढ़ा रहे हैं। एयरपोर्ट से खेलगांव तक और स्टेशन रोड से एमजी रोड तक घर और दुकान को भी सजाया गया है, ताकि कोई बाजार घूमना चाहे तो उसे पूरा आकर्षक लगे। कभी हरमू नाला के रूप में जाना जाने वाली स्ट्रेच अब हरमू नदी बन गई है। नदी के किनारे नारियल के पेड़ लगाए गए हैं, लोगों के चलने के लिए फुटपाथ बनाया गया है।
इंवेस्टर को लाने के लिए 1000 लग्जरी कार लगाए गए हैं। शहर के सभी होटल बुक कराए गए हैं, ताकि बाहर से आने वाले डेलीगेट्स को कोई परेशानी न हो।
आज आम लोगो के लिए खोला गया खेलगांव :
खेलगांव की सजावट आम लोगो तक पहुँच पाए. भव्य सजावट का आनंद आम आदमी भी ले सके, इसके लिए सरकार ने आम लोगो के लिए दो बजे के बाद आज खेलगांव खोल दिया। शाम होते होते खेलगांव में भीड़ उमड़ पड़ी। हर सड़क मानो खेलगांव की ओर जाती दिखाई दी। देर रात तक लोगो का खेलगांव आना जारी है। कल भी दो बजे के बाद खेलगांव खोला जायेगा, जो दस बजे बंद कर दिया जायेगा। इस दौरान शहरवासी खेलगांव की खूबसूरत सजावट का दीदार कर सकेंगे।
रतन टाटा, केएम बिड़ला, गौतम अडानी समेत 39 बने स्टेट गेस्ट :
राज्य सरकार ने ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट (जीआईएस) में रतन टाटा व कुमार मंगलम बिड़ला समेत 39 प्रमुख लोगों को राजकीय अतिथि बनाया है। राजकीय अतिथि बनाने का सिलसिला जारी है। मोमैंटम झारखंड के नाम से आयोजित जीआईएस के लिए राज्य सरकार ने अतिथि को तीन कैटेगरी में रखा है। पहले कैटेगरी वे 39 प्रमुख लोग हैं, जिन्हें राजकीय अतिथि बनाया गया है। इनके आने-जाने, रहने और भोजनादि का पूरा खर्च सरकार करेगी।
इसके बाद वे हैं, जिन्हें राजकीय अतिथि नहीं बनाया गया, लेकिन उसी पैटर्न पर सारी सुविधाएं मिलेंगी। इस श्रेणी में अभी 71 लोग हैं। राज्य सरकार ने प्रमुख उद्योगपतियों और कंट्री पार्टनर देशों के राजदूत सहित 39 लोगों को राजकीय अतिथि बनाया है। यह सिलसिला अभी जारी है।
जिन उद्योगपतियों को राजकीय अतिथि बनाया गया है, वे हैं रतन टाटा, कुमार मंगलम बिड़ला, गौतम अडानी, काजोनोरी कोनोसी, सेन पार्क, टीवी नरेंद्रन,नवीन जिंदल, सज्जन जिंदल, राजीव दुबे, आश्विन दानी, पुनीत डालमिया, अनिल अग्रवाल, सुमंत सिन्हा, हरीश आहुजा, एसके मखीजा, बाबा साहब कदम, जगदीश मित्रा, सुधीर ढींगरा, शशि रूईया, प्रशांत रूईया व प्रतीक अग्रवाल।
कंट्री पार्टनर के राजदूत और मंत्री भी स्टेट गेस्ट :
कंट्री पार्टनर बने जापान, चेक गणराज्य, मंगोलिया व ट्यूनीशिया के राजदूत और चेक के विदेश मंत्री को राजकीय अतिथि बनाया गया है। मोमैंटम झारखंड के लिए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री अरुण जेठली सहित केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी, राजीव प्रताप रूडी, स्मृति ईरानी, एन. सीतारमण, पीयूष गोयल को राजकीय अतिथि घोषित किया गया है।

