
रांची।


झारखंड सरकार ने 24 घंटे के अंदर अपने ही निर्णय को बदल दिया। बुधवार की देर शाम 27 आईएएस के ट्रांसफर पोस्टिंग से संबंधित आदेश को जारी किया गया था। इसमें राज्य शहरी विकास अभिकरण(सूडा)के निदेशक राजेश शर्मा को स्थानांतरित करते हुए धनबाद नगर निगम के आयुक्त के पद पर पदस्थापित किया था,लेकिन गुरुवार को कार्मिक विभाग ने उस अधिसूचना को विलोपित करते हुए फिर से राजेश शर्मा को सूडा का निदेशक बना दिया है।इसके अलावा ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव मस्त राम मीणा को पथ निर्माण विभाग का सचिव बनाया गया है।धनबाद के उपायुक्त के पद पर पदस्थापित ए दोड्डे को अपने कार्यों के अलावा नगर आयुक्त धनबाद नगर निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
शर्मा की अधिसूचना इसलिए हुई रद
सूडा निदेशक राजेश शर्मा ने अपने एक साल के कार्यकाल के दौरान केन्द्र सरकार की दो महत्वपूर्ण योजना अमृत और स्वच्छ भारत अभियान में जबर्दस्त काम किया। अमृत से संबंधित योजनाओं का डीपीआर समय से पहले तैयार करा कर केन्द्र सरकार से स्वीकृत करा लिया। अब उन योजनाओं को धरातल पर उतारने का समय आया था,कि तभी सरकार ने उन्हें हटा दिया। सरकारी तंत्र में इसकी चर्चा होने के बाद शर्मा को स्थानांतरित करने की अधिसूचना को रद किया।

