राची।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि समाज निर्माण में युवाओं का सबसे महत्वपूर्ण योगदान है। आज के दिन बड़ी संख्या में छात्र डिग्री प्राप्त कर अपने कैरियर के लिए आगे बढ़ेंगे। राज्य के विकास के लिए युवा अपनी भूमिका समझे और निभाये. सरकार ने झारखंड में निवेश व व्यापार का माहौल बदलने का काम किया है. उक्त बातें मुख्यमंत्री ने बीआइटी मेसरा के डायमंड जुबली व 26 वें दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए कहीं.
मुख्यमंत्री श्री दास ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी हमेशा स्कील, स्केल और स्पीड की बात करते हैं। आपको स्कील मिल गयी है। अब स्केल और स्पीड के अनुसार काम करते हुए राज्य और देश को आगे ले जाने की जिम्मेवारी है। राज्य सरकार ने निवेश के माहौल को सुधारने के लिए जरूरी कदम उठाये हैं। जल्द ही राज्य में नयी ऑटोमोबाइल पॉलिसी, माइनिंग पॉलिसी, स्मॉल स्केल इंडस्ट्री पॉलिसी होगी। राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी की सोच के अनुसार राज्य में उद्योगों के विकास के लिए सरकार काम कर रही है। इसी कड़ी में सिंगल विंडो सिस्टम की शुरुआत की गयी है. छात्रों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि नये इनोवेशन के लिए अपनी तकनीकी ज्ञान और उद्यमिता का इस्तेमाल करें. आज भी देश में करोड़ों लोगों के पास बुनियादी सुविधाओं का आभाव है। आपने जो ज्ञान हासिल किया है, उसका इस्तेमाल समाज के वंचित तबको के लिए करें। सरकार हर तरह का सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री श्री दास ने कहा कि बीआइटी मेसरा का गौरवशाली इतिहास रहा है। यहां के छात्रों ने देश ही नहीं विदेशों में भी सफलता के झंडे गाड़े हैं।
दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी द्वारा छात्रों को गोल्ड मेडल और सर्टिफिकेट प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में राज्यपाल श्रीमति द्रौपदी मुर्मू, बीआइटी बोर्ड ऑफ गवर्नर के चेयरमैन श्री सी0के0 बिड़ला, कुलपति डॉ एम0के0 मिश्र समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक उपस्थित थे।
