
जमशेदपुर।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गाँधी पर असंवेदनशीलता और देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने महामहिम राष्ट्रपति से उनकी लोकसभा सदस्यता समाप्त करने की माँग की है। बुधवार शाम जमशेदपुर महानगर भाजपा के प्रमुख नेताओं के शिष्टमंडल ने जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार की अगुआई में जिला उपायुक्त अमित कुमार से मिलकर राष्ट्रपति को प्रेषित माँग पत्र सौंपा। उक्त पत्र में भाजपा ने राफ़ेल खरीद समझौते पर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष एवं लोकसभा सदस्य राहुल गांधी द्वारा देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आशय में तथ्यहीन, निराधार और अतार्किक प्रश्न खड़ा कर के उन्हें दुष्प्रचारित कर देश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। भाजपा की ओर से सौंपी गयी ज्ञापन में उल्लेखनीय है कि सर्वोच्च न्यायालय ने सरकार के राफ़ेल समझौते पर संतोष ज़ाहिर किया है। न्यायालय ने पूरे खरीद प्रक्रिया में व्यापारिक स्तर पर किसी प्रकार के पक्षपात के आरोपों को भी सिरे से खारिज़ किया है। भारतीय जनता पार्टी ने सर्वोच्च न्यायालय के उक्त आदेश को आधार मानते हुए महामहिम राष्ट्रपति से राहुल गाँधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त करने की माँग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान उपस्थित भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ल ने कांग्रेस पर भारत की छवि वैश्विक स्तर पर ख़राब करने का आरोप लगाया। भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि कांग्रेस नित यूपीए सरकार ने सेना से जुड़ी महत्वपूर्ण जरुरतों को लटकाए रखा। अब सैन्य एवं देश हितों में मोदी सरकार की सकारात्मक पहल एवं पारदर्शी प्रक्रियाओं पर सवाल उठाकर कांग्रेस सेना की जरूरतों को लटकाने की कोशिश कर रही है। मौके पर अधिवक्ता सह भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देवेंद्र सिंह ने राहुल गांधी पर राष्ट्रहितों को प्रभावित करने और प्रधानमंत्री के विरुद्ध झूठ फ़ैलाने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी को देशहित में बाधक करार देते हुए जल्द से जल्द उनकी लोकसभा सदस्यता समाप्त करने की माँग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में दिनेश कुमार, राजेश शुक्ल, खेमलाल चौधरी, देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, मिथिलेश सिंह यादव, हलधर नारायण शाह, बारी मुर्मू , विमल जालान, अनिल मोदी, चंद्रशेखर गुप्ता, राकेश सिंह, पुष्पा तिर्की, सुनील बारी, अंकित आनंद, अमरजीत सिंह राजा, विक्रम चंद्राकर, रमेश बास्के, एमके सिंह समेत अन्य मौजूद थे।

