
राजेस तिवारी
पटना । राजेंद्र नगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स के पास शुक्रवार की शाम रेलवे ट्रैक पार कर रहे छात्र की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। पीछे से आ रही साउथ विहार एक्सप्रेस पर उत्तेजित लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। भारी संख्या में छात्रों के साथ जुट आए स्थानीय लोगों ने ट्रेन पर पथराव कर एसी बोगियों के शीशे तोड़ डाले। साथ ही एसी बोगी (बी थ्री) को आग के हवाले कर दिया। भगदड़ की स्थिति बन गई। आनन-फानन में ट्रेन को वापस राजेंद्र नगर यार्ड में लाया गया। 1 सुरक्षा बलों ने जैसे-तैसे यात्रियों को बोगियों से निकाला। इस बीच पटना सिटी, कंकड़बाग और पटना फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक ट्रेन की तमाम एसी बोगियां टूट-फूट चुकी थीं। इस दौरान अप और डाउन की कई ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर घंटों खड़ी रहीं।
भभुआ का रहने वाला था छात्र
ट्रेन की चपेट में आकर मरे युवक की पहचान भभुआ निवासी नवनीत के रूप में हुई है। वह यहां बाजार समिति स्थित एक लॉज में रहकर एसएससी आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था। बताया जाता है कि देर शाम वह कोचिंग कर लॉज लौट रहा था, तभी हादसे का शिकार हो गया।
भारी संख्या में जुटे छात्र
छात्र के मौत की सूचना पर आसपास के छात्रवासों से भारी संख्या में छात्र ट्रैक पर जुट गए। हंगामे की आशंका देख रेल पुलिस शव लेकर टर्मिनल पर आ गई। पुलिस की कार्रवाई से नाराज सैकड़ों छात्र टर्मिनल पहुंच गए और पुलिस ने शव छीन लिया। इसके बाद लाश को ट्रैक पर रखकर ट्रेनों का आवागमन बाधित कर दिया।
आखिर क्यो भड़के छात्र
आक्रोशित छात्रों का कहना था कि ट्रेन की टक्कर से नवनीत घायल हो गया था। सूचना पर पहुंची रेल पुलिस उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर जाने के बजाय मूकदर्शक बनी रही। मरणासन्न स्थिति में नवनीत को राजेंद्र नगर टर्मिनल पर ले जाकर जमीन पर सुला दिया गया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसने दम तोड़ दिया।



