
पाकुड़, ।
पाकुड़िया प्रखंड के सीमावर्ती तालडीह गाँव में रविवार की देर रात हाथियों के भारी भरकम झुंड के आ धमकने से आसपास के दर्जनों गाँव में दहशत का माहौल देखा जा रहा है । प्राप्त जानकारी के अनुसार झुंड में 30 की संख्या में जंगली हाथियों का पूरा परिवार है, जिनमें कई बच्चे भी हैं । जो रविवार को दिन भर दुमका जिला के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के जंगली इलाकों में विचरण करता रहा । इस दौरान इन हाथियों ने शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के पागदाहा,लताकान्दर,डिबादाहा सहित विभिन्न गाँवो में जमकर उत्पात मचाया और रात को पाकुड़िया प्रखंड के सीमाई क्षेत्र तालडीह गाँव के जंगलझाड़ में आकर रूक गया ।दूसरे दिन सोमवार को भी हाथियों का पूरा परिवार उसी तालडीह गाँव के इर्दगिर्द सापादाहा,गणपुरा, डाबर गाँव में विचरण करता रहा, हालांकि पाकुड़िया थाना क्षेत्र में हाथियों द्वारा क्षति पहुँचाए जाने की कोई सूचना नही है । सूत्रों से प्राप्त सूचना के मुताबिक हाथियों के उत्पात से दुमका जिला के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को ही उसी इलाके के दो व्यक्तियों की मौत और दो के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिल रही है । विदित हो कि पाकुड़िया प्रखंड के तालडीह,सापादाहा,गणपुरा, डाबर गाँव दुमका जिला के सीमा पर अवस्थित है । बहरहाल अचानक जंगली हाथियों के आ धमकने से लोगों के आंखों की नींद गायब हो गई है । लोग रातजग्गा कर अपने स्तर पर हाथियों को भगाने के भरसक प्रयास में जुटे रहे ।हाथियों को भगाने के लिए जगह जगह टायर,ताड़ के पत्ते,बांस आदि जलाकर आगजनी भी की गयी । समाचार भेजने तक हाथियों का झुंड पाकुड़िया क्षेत्र से बाहर नही निकला था । सूचना पाकर पाकुड़िया पुलिस एवं वनकर्मी भी वहां पहुँचे लेकिन उन्हें कोई सफलता नही मिली है


