
जमशेदपुर


रोटरी क्लब की जमशेदपुर स्थित कई शाखाओं ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर कोरोना महासंक्रमण के समय ऑनलाईन शिक्षा की नई चुनौतियों से बेहतर तरीक़े से लड़ने के लिए दर्जनों ज़रूरतमंद छात्र छात्राओं के बीच मोबाईल फ़ोन वितरित किए। आर्थिक परेशानियों की वजह से कई परिवारों में मोबाइल पर शिक्षा लेना संभव नहीं हो पा रहा है और कई परिवारों में ज़रूरत के अनुसार उतनी संख्या में फ़ोन उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण पढ़ाई पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की सूचना मिलने पर रोटरी क्लब ने इस दिशा में पहल किया।
इस परेशानी को समझते हुए रोटरी क्लब ईंटरनेशनल ज़ोन 18 ने शुक्रवार को सोनारी स्थित आरएमएस हाई स्कूल के इन होनहार विद्यार्थियों को मोबाईल फ़ोन सौंपे ताकि वे अपनी ऑनलाइन पढ़ाई आसानी से कर पाएँ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक कुणाल षडंगी उपस्थित थे। उन्होंने रोटरी क्लब के इस पहल की सराहना की और अपील की ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रखें। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में शिक्षा लेना और देना ये दोनों चीजों के तरीक़े बदल चुके है। इन बदली स्थितियों में ऑनलाइन शिक्षा अब विकल्प न होकर अनिवार्यता बन चुकी है। ऐसे में कई गरीब पारिवारों के बच्चों को मोबाईल फ़ोन नहीं होने के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। एक ही फ़ोन को परिवार के कई लोग इस्तेमाल करते हैं इससे भी बच्चे ठीक से पढ़ नहीं पाते है। ऐसे में इन दर्जनों बच्चों की परेशानियों को दूर करने का जो बीड़ा रोटरी क्लब ने उठाया है वह अनुकर्णीय प्रयास है। कार्यक्रम को क्लब के वरीय पदाधिकारी अल्पा पारिख, राजीव चोपरा , दीपक दोकानिया, स्कूल की प्रिंसिपल परिनीता शुक्ला ने भी संबोधित किया। इस मौक़े पर रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर के शशि गडिया, मुरली मनोहर, सुदेश्ना चटर्जी, मीनीसा, राजपाल, समेत कई वरीय व युवा सदस्य उपस्थित थे।

