
जमशेदपुर।


पूर्वी सिंहभूम जिला में विधानसभा चुनाव 2019 को सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं वरीय आरक्षी अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में सभी विधानसभा निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी, सभी नोडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल पदाधिकारी की बैठक समाहरणालय सभागार में संपन्न हुई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, सभी एआरओ को आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः अनुपालन कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी को एईआरओ, ईआरओ और थाना प्रभारी के साथ मतदान केंद्रों एवं क्लस्टर पर उपलब्ध मूलभूत सुविधा के संबंध में विस्तार से चर्चा की एवं आवश्यक निर्देश दिए। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित संबंधित पदाधिकारियों से क्लस्टर से मतदान केंद्र तक जाने के लिए रूट प्लान, शैडो एरिया के वैसे मतदान केंद्र जहां मोबाइल नेटवर्क कारगर ना हो वहां मतदान के दिन सूचना के आदान-प्रदान के लिए रनर की व्यवस्था करने के संबंध में विस्तार से विचार विमर्श किया गया। वहीं निर्वाचन आयोग द्वारा दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के पोस्टल बैलेट से मतदान कराने संबंधित प्राप्त निर्देश के अनुपालन के संबंध में भी बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि 8 नवंबर 2019 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने से संबंधित प्रपत्र संख्या 6 स्वीकार कर सकते हैं। उन्होने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं को चिन्हित करने का निर्देश दिया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा राज्य एवं जिला के सीमावर्ती थाना प्रभारियों को चेक नाका लगाने एवं सभी गाड़ियों की नियमित रूप से चेकिंग करने का निर्देश भी दिया गया।
आज के बैठक में मुख्य रूप से उप-विकास आयुक्त,अपर उपायुक्त,अपर जिला दंडाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला, निदेशक डीआरडीए, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सभी अंचल पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

