नई दिल्ली ,03 जुलाई,


भारत की पहली हाई स्पीड ट्रेन का ट्रायल रन आज नई दिल्ली से आगरा के बीच शुरू हो गया। यह ट्रेन ट्रायल रन में दिल्ली से आगरा की दूरी डेढ़ घंटे में तय कर लेगी। माना जा रहा है कि ट्रेन करीब 140 से 160 किली प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेगी।
हाई स्पीड ट्रेन आज दिन में 11:15 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से रवाना हुई और सीधे आगरा जाकर रुकी। इसने दिल्ली से आगरा की दूरी 100 मिनट में पूरी की। जबकि इसे यह दूरी 90 मिनट में पूरी करनी थी। इस ट्रेन में स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस जैसे दस एसएलबी कोच लगे थे। इसका इंजन 5400 हार्स पावर का है। दिल्ली -आगरा रूट पर ट्रेन के संचालन के लिए ट्रैक को बेहद मुस्तैदी से दुरुस्त किया गया। वापसी में यह आगरा से दोपहर 1:50 पर चलकर 3:55 पर नई दिल्ली स्टेशन पहुंचेगी। नई दिल्ली स्टेशन पर ट्रेन की जांच फिर से की जाएगी।
रेल अनुसंधान एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) लखनऊ देश की इस हाई स्पीड ट्रेन के संचालन की तैयारी में काफी समय से जुटा था। कल भी दिल्ली में आरडीएसओ की टीम ने इंजन और कोच का बारीकी से परीक्षण किया था। इसके साथ ही नई दिल्ली से आगरा के उस ट्रैक का भी पूरा परीक्षण किया गया जिस पर इस ट्रेन का ट्रायल होगा। परीक्षण सफल रहने पर अक्टूबर से इस ट्रेन को नियमित नई दिल्ली से आगरा के बीच संचालित किया जाएगा।