
जमशेदपुर
पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को दो बड़े नक्सलियों कान्हू मुंडा उर्फ अर्जुन उर्फ मंगल और रामप्रसाद मार्डी उर्फ सचिन उर्फ सुनील के घरों की कुर्की की।
कान्हू मुंडा के गुड़ाबांधा पंचायत स्थित जियान गांव के घर में और पटमदा के झुंझका गांव स्थित सचिन के घर में कुर्की जब्ती हुई। दोनों जगहों पर सीआरपीएफ की मदद से सुबह ग्यारह बजे से दोपहर दो बजे तक पुलिस ने ये कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने दोनों नक्सलियों के घर के सभी सामान जब्त कर लिए। साथ ही दरवाजा-चौखट भी उखाड़ लिए। कान्हू मुंडा बंगाल-ओडिशा-झारखंड सीमांचल कमेटी का सचिव है, जबकि सचिन दामपाड़ा दस्ते का एरिया कमांडर है।
कान्हू के घर में थे पत्नी और बच्चे : चाकुलिया में झाड़ग्राम-धनबाद मेमू ट्रेन पर 20 मई को हुए हमले और दो अन्य नक्सली हमलों के मामले में ये कार्रवाई की गई है। कान्हू 25 लाख रुपये का इनामी नक्सली है। जब पुलिस कान्हू के जियान गांव स्थित घर की कुर्की कर रही थी तब पुलिस के जवान आसपास की पहाडि़यों पर भी तैनात किए गए थे। कार्रवाई के दोरान घर में कान्हू मुंडा की पत्नी और बच्चे थे।
सचिन के घर का छप्पर भी उखाड़ा : घाटशिला में हुए तीन नक्सली हमलों के मामले में दामपाड़ा दस्ते के एरिया कमांडर राम प्रसाद मार्डी उर्फ सचिन के पटमदा के झुंझका स्थित घर की कुर्की की गई। कार्रवाई के दौरान सचिन के घर के छप्पड़ को तोड़ दिया गया। घर के अंदर के सभी सामानों को जब्त कर छोटे ट्रक में पुलिस ले गई। सचिन के घर में भी उसके परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।

