
जमशेदपुर : डीबीएमएस समाज की ओर से आज बीएच एरिया स्थित डीबीएमएस स्कूल के सभागार में नवरात्रि उत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें शहर के 12 संस्थाओं ने भाग लिया तथा विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों की प्रस्तुति की. इसके पूर्व अतिथियों का स्वागत डीबीएमएस समाज की अध्यक्ष हेमा राघवन ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत एक भजन से हुई, जिसे प्रिया धर्मराजन, गीता मोहनदास और गीता नटराजन ने प्रस्तुत किया. धन्यवाद ज्ञापन प्रिया धर्मराजन ने किया.
कार्यक्रम की शुरुआत कमला सुब्रह्मण्यम ने बहुत ही सुंदर तरीके से तमिलनाडू का लोकनृत्य ‘पिनल कोलटतमÓ का निर्देशन किया, जिसे लोगों ने काफी सराहा. हेमा उमा आदि ने श्रीमती बालासुब्रमण्यम के नेतृत्व में इसे प्रस्तुत किया. दूसरी प्रस्तुति महाराष्ट्र मंडल की गणेश वंदना नृत्य रही, जिसमें महिलाओं ने देवी की आराधना की. रोहिणी के नेतृत्व में यह प्रस्तुत हुआ. तत्पश्चात उत्कल समाज ने उड़ीसा का लोक नृत्य मोनालिसा दास के नेतृत्व में दर्शाया. इसी क्रम में कच्छ के गुर्जर समाज की तरफ से गरबा की प्रस्तुति हुई. केरल का नृत्य ताई कुट्टू, आंध्रप्रदेश समिति का लोक नृत्य जटाकोलटम, रोटरी क्लब जमशेदपुर वेस्ट की ओर से अनुदीप्ति सिंह, बबीता केडिया, अमृता आदि ने भी आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया.
पत्रिका ‘गृहस्वामिनीÓ समूह के प्रस्तुति थी डांडिया, जिसमें संपादक अर्पणा संत सिंह की टीम ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया. लायंस क्लब की तरफ से डांडिया की प्रस्तुति हुई जिसमें मोनिका शर्मा के समूह ने इंदु गांधी के नेतृत्व में नृत्य पेश किया. संस्कार भारती जमशेदपुर इकाई की तरफ से राष्ट्रीय एकता को दर्शाती हुई प्रस्तुति दी गई. ललित कला और रंगमंच को समर्पित संस्कार भारती की प्रस्तुति को सभी ने बहुत सराहा. विभिन्न प्रांतों में मनाए जानेवाली नवरात्रि को राष्ट्रीय एकता के धागे में पिरोकर दर्शाया गया.



