
सरायकेला।जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत सतवाहिनी में अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा जमीन कारोबारी रंजीत बेज(28) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार की रात्रि करीब नौ बजे की है जब रंजीत बेज अपने ग्लैमर मोटरसायकिल से आनंदपुर स्थित अपने घर जा रहा था। इसी दौरान सतवाहिनी के अमृतनगर के झाड़ी के पास पहले से ही घात लगाकर बैठे अपराधकर्मियों ने उसे रोक कर पिस्तौल से गोली चला दिया जो उसके सर में लगी। गोली मारने के बाद अपराधकर्मी फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर जुटे आसपास के लोगों द्वारा इसकी सूचना आदित्यपुर थाना को दी गई। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुँची पुलिस द्वारा गंभीरावस्था में उसे टीएमएच ले जाया गया जहां जांचोपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की खबर पाकर पिता कैलाश यादव समेत कई परिजन टीएमएच पहुंचे। बताया जाता है कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। लगभग तीन माह की उसकी एक पुत्री भी है। मृतक रंजीत अपने पिता कैलाश बेज का इकलौता पुत्र था। हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस इसकी जांच और हत्यारे का पता करने में जुट गई है।


