
बीजीएच के आईसीयू में हुए भर्ती


बोकारो ः धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद पशुपतिनाथ सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ जाने के कारण उन्हें बोकारो जेनरल अस्पताल (बीजीएच) में भर्ती कराया गया है। खाना खाने के क्रम में सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में इलाज के लिये दाखिल कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर सांसद श्री सिंह बोकारो के सेक्टर-12 क्लब में अभियंताओं के एक कार्यक्रम में शिरकत करने गये थे। वहां कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद लगभग सवा तीन बजे वह खाना खाने के लिये बाकी कार्यकर्ताओं के साथ बैठे। लेकिन खाना खाते-खाते ही उन्हें अचानक पेट में दर्द होने लगा। उन्होंने साथ मौजूद कार्यकर्ताओं से इसके बारे में कहा। उनके साथ मौजूद एक कार्यकर्ता विद्या ने इस संवाददाता को बताया कि सांसद महोदय को पेट में दर्द की शिकायत के बाद एक वरीय चिकित्सक की सलाह पर तत्काल गैस की गोली दी गयी। कुछ देर आराम मिला, लेकिन फिर से उन्हें असहज महसूस होने लगा। इसके बाद उन्हें बोकारो स्टील प्लान्ट प्रबंधन द्वारा संचालित बीजीएच में ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने तत्काल उनकी समुचित चिकित्सा व जांच शुरू कर दी। स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया। चिकित्सकीय सूत्रों के अनुसार उनकी पित्त की थैली (गाल ब्लडर) में सूजन की आशंका व्यक्त की जा रही है। समाचार लिखे जाने उनकी विभिन्न चिकित्सकीय जांच जारी थी तथा सांसद की स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है। कार्यकर्ताओं ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। बताया जाता है कि सांसद को बोकारो में उक्त कार्यक्रम के बाद चिरकुंडा में भी एक समारोह में भाग लेने जाना था, जिसके वही मुख्य अतिथि थे। सांसद को अस्पताल में देखने वाले तथा उनका हाल-चाल जानने वालों का तांता लग गया है।

