
जमशेदपुर। मानगो से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (एनएच-33) की बदहाल स्थिति और करीब आठ किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण की धीमी रफ्तार को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों और निर्माण एजेंसी पर लापरवाही तथा वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि दशहरा के बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि जरूरत पड़ने पर इस मामले की शिकायत केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भी की जाएगी।
पारडीह से बालीगुमा तक सड़क का किया निरीक्षण
शनिवार को विधायक सरयू राय ने दर्जनों स्थानीय लोगों और वार्ड पार्षद राजेश सिंह के साथ एनएच-33 का बालीगुमा तक निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों, दरारों और उड़ती धूल के कारण लोगों को हो रही परेशानियों की जानकारी ली।
सरयू राय ने कहा कि बरसात के कारण सड़क के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पारडीह से बालीगुमा-भिलाई पहाड़ तक वाहनों के गुजरने से धूल का गुबार उठता है। इससे वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और सड़क किनारे रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।
तीन अक्टूबर को शुरू हुआ काम, अगले ही दिन बंद
विधायक ने बताया कि एनएच-33 की बदहाली के विरोध में एक अक्टूबर को वार्ड पार्षद राजेश सिंह ने समर्थकों के साथ सड़क पर धरना दिया था। इससे यातायात बाधित होने पर उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों से बातचीत की थी।
वार्ता में अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि तीन अक्टूबर से सड़क निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही धूल से राहत दिलाने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाएगा।
सरयू राय के अनुसार, तीन अक्टूबर को निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन केवल एक दिन चलने के बाद चार अक्टूबर से बंद है। सड़क की मरम्मत नहीं हो रही है और धूल रोकने के लिए नियमित पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: दुर्गा पूजा को लेकर जमशेदपुर पुलिस अलर्ट, सड़कों पर बाइक पेट्रोलिंग तेज, संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर
एनएचएआई अधिकारियों की कार्यशैली पर उठाए सवाल
सरयू राय ने आरोप लगाया कि एनएचएआई के अधिकारी और संवेदक जनता की परेशानियों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। सड़क निर्माण में लगातार देरी से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि जनता को लंबे समय तक धूल, गड्ढों और बदहाल सड़क के बीच रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। अधिकारियों को अपने आश्वासन के अनुसार निर्माण कार्य में तेजी लानी चाहिए।
दशहरा के बाद आंदोलन की चेतावनी
विधायक ने स्पष्ट किया कि दशहरा के बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ और धूल की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो एनएचएआई के खिलाफ जनआंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एनएच-33 का निर्माण जल्द पूरा कराना जरूरी है, ताकि मानगो सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।

