
*अजय धारी सिंह


*मधुबनी:* मधवापुर प्रखंड क्षेत्र के बासुकी बिहारी उत्तरी पंचायत के मुखिया विजय साह को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी. जिसके बाद घायल मुखिया को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधवापुर लाया गया. जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया.
*हमलावर की गोली कमर के आर-पार, खेत में कूद कर जान बची*
बासुकी बिहारी उत्तरी पंचायत के मुखिया विजय साह परसा गाँव स्थित अपने ईंट भट्ठा पर बाइक से जा रहे थे. उसी दौरान बिहारी और परसा के बीच मुर्गा फॉर्म के निकट सामने से बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने मुखिया पर पिस्तौल तान दिया. पिस्तौल तान देख मुखिया अपने बाइक से नीचे खेत में कूद गए, हालाँकि इसके बावजूद गोली कमर में लगते हुए निकल गई. जहाँ वो घायल होकर खेत मे ही गिर गए. घटना को अंजाम देकर अपराधी मौके से भागने में सफल रहे. घटना की सूचना जंगल में आग की तरह फैलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण पहुँच गए. ग्रामीणों के सहयोग से आनन फानन में घायल मुखिया को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधवापुर लाया गया. जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आगे डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया गया.
*अपराधियों की जल्द होगी गिरफ्तारी-डीएसपी*
इधर, सूचना मिलते ही मधवापुर थानाध्यक्ष राजकुमार मंडल व अंचलाधिकारी रामकुमार पासवान ने भी घटनास्थल पहुँच स्थिति का जायजा लिया और पुलिस घटना की जाँच में जुट गई. इलाज कर रहे चिकित्सक आर के प्रसाद ने कहा कि गोली कमर में लगने के बाद निकल चुकी है, स्थिति नियंत्रण में है. लेकिन बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मधुबनी व डीएमसीएच रेफर कर दिया गया है. डीएसपी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि घटना की जाँच की जा रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी जल्द कर ली जाएगी.


