मधुबनी: जिले में खेल प्रतिभाओं को तराशने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल एसोसिएशन मधुबनी की ओर से पहली बार छोटे बच्चों के लिए ‘फुटबॉल समर कैंप’ का आयोजन किया जा रहा है। यह समर कैंप आर. के. कॉलेज मैदान में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 10 वर्ष से ऊपर के बच्चों को फुटबॉल के विभिन्न कौशलों की मान्यता प्राप्त कोचों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एसोसिएशन के सचिव सुनील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में फुटबॉल का स्तर निचले स्तर से सुधारने और बच्चों में इस खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए यह प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इस 15 दिवसीय कोचिंग कैंप में शामिल कराएं, ताकि वे खेल की बुनियादी तकनीकों को सही ढंग से सीख सकें।
प्रशिक्षण का समय और स्वरूप
समर कैंप के तहत बच्चों को प्रातः 6:30 से 8:30 और संध्या 4:00 से 6:00 बजे तक कुल चार घंटे दैनिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रकार पूरे 15 दिनों में 60 घंटे का विशेष फुटबॉल प्रशिक्षण बच्चों को मिलेगा।
इस कैंप में सीनियर बच्चों के लिए भी अलग से ट्रेनिंग मॉड्यूल तैयार किया गया है, ताकि उनकी क्षमता के अनुसार उन्हें उचित मार्गदर्शन मिल सके।
आयोजनकर्ता और संपर्क सूत्र
इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मिथिलांचल स्पोर्ट्स फाउंडेशन और डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल एसोसिएशन मधुबनी द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
एग्जीक्यूटिव मेंबर नन्द कुमार पूर्वे उर्फ पप्पू जी ने बताया कि अब तक कुछ बच्चों को नि:शुल्क प्रशिक्षण भी दिया गया है। उनका उद्देश्य है कि ज्यादा से ज्यादा बच्चों को खेल के क्षेत्र में अवसर मिल सके।
रजिस्ट्रेशन और जानकारी हेतु संपर्क
जो भी बच्चे इस समर कैंप में हिस्सा लेना चाहते हैं या उनके अभिभावक रजिस्ट्रेशन कराना चाहते हैं, वे नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
सुनील कुमार (सचिव, DFA मधुबनी): 9430887479
नन्द कुमार पूर्वे (संयोजक): 9304254021



