


(राजनगर) । मधुबनी के राजनगर के जयपट्टी गांव में एक व्यक्ति ने पीट पीटकर अपने पिता की केवल इसलिये हत्या कर दी क्योंकि पिता ने खैनी के लिये दस रुपये नहीं दिये। पुलिस के अनुसार बुधवार रात धर्मेन्द्र यादव जब मवेशी चरा कर घर लौटा तो उसने अपने पिता किशोरी यादव से खैनी के लिये दस रुपये मांगें। लेकिन पिता ने दस रुपये देने से इंकार कर दिया। इसको लेकर पिता पुत्र में कहा सुनी होने लगी। बात गली गलौज और हाथापाई तक पहुंच गई। इसी दौरान पास में रही लकड़ी के जलावन को उठा कर धर्मेन्द्र ने अपने पिता को मारना शुरू कर दिया। इसमें पिता किशोरी यादव गंभीर रूप से घायल होकर वहां गिर गये। धर्मेन्द्र उन्हें वहां छोड़ कर भाग गया। शोरगुल सुनकर मौके पर पहुँचे ग्रामीण किशोरी यादव को उठाकर निजी अस्पताल ले गये। लेकिन अस्पताल में किशोरी यादव को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने धर्मेन्द्र की खोज ग्रामीणों के सहयोग की शुरू की और रात में ही राजनगर रेलवे स्टेशन पर भागने के फ़िराक में धर्मेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

