
जमशेदपुर : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर सिविल कोर्ट में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में शनिवार को 339 मामले निष्पादित किए गए। इन मामलों के निष्पादन से तीन करोड़, 40 लाख, 66 हजार, 691 रुपए समझौता के तहत प्राप्त हुए। इन वादों के निष्पादन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से नौ पीठें गठित की गई थी। नेशनल लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन प्रकृति के 319 मामले निष्पादित किये गए जिससे 1 करोड़, 54 लाख, 50 हजार, 315 रुपए वसूले गए। जबकि अदालत में विचाराधीन 120 मामलों के निष्पादन से 1 करोड़, 86 लाख, 16 हजार, 376 रुपए प्राप्त हुए। सबसे ज्यादा बैंक लोन रिकवरी से जुड़े 175 मामले सुलझाए गए। जिसमें बकायेदारों की ओर से 1 करोड़, 40 लाख रूपया चुकाया गया। इसी तरह श्रम विभाग (विवाद) से जुड़े 66 मामले निष्पादित किए गए। जिससे 13 लाख, 78 हजार रुपये प्राप्त हुए। जबकि अदालत में विचाराधीन मोटर वाहन दुर्घटना दावा से जुड़े 20 मामलों के निष्पादन से 1 करोड़, 81 लाख, 50 हजार, 952 रुपए प्राप्त हुए वादों के निष्पादन में न्यायिक पदाधिकारियों के अलावे अधिवक्ताओं एवं पारा लीगल वॉलिंटियर्स का सहयोग रहा।

