जमशेदपुर।
पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रशासन की ओर से गरीबों के आशियाने को सुनियोजित तरीके से उजाड़ने का काम किया जा रहा है. फुटपाथी दुकानदारों को उजाड़कर बेरोजगार करने का काम किया जा रहा है. उक्त बातें शनिवार को धालभूम अनुमंडल के एडीओ कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय खां ने कहीं. उन्होंने एसडीओ से मांग करते हुए कहा कि किस आदेश के तहत गरीबों के आशियाने को उजाड़ा जा रहा है एवं बेरोजगार किया जा रहा है. श्री खां ने बताया कि पार्टी की ओऱ से प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत एसडीओ से अनुमति लेकर मिलने का समय लिया गया था बावजूद इसके एसडीओ ने सीएम के कार्यक्रम में रहने का हवाला देते हुए मिलने से इंकार कर दिया. श्री खां ने एसडीओ पर किसी खास दल का प्रतिनिधित्व करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पद का दुरूपयोग करते हुए टाटा समूह को लाभ पहुंचाने का काम किया जा रहा है जिसके लिए एसडीओ को मोहरा बनाकर मुख्यमंत्री इस्तेमाल कर रहे हैं. श्री खां ने ऐलान करते हुए कहा कि आज के बाद जब भी जिला प्रशासन की ओर से अतिक्रमण के नाम पर गरीबों को उजाड़ा जाएगा तो वे गरीबों के आह्वान् पर पार्टी का झंडा एवं डंडा के साथ अतिक्रमण का विरोध करेंगे, चाहे इसके लिए उन्हें जेल ही क्यों न जानी पड़े. इस दौरान काफी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे.
