कुन्तलेश पाण्डेय
कोडरमा ।
झुमरी तिलैया शहर से महज तीन किमी की दूरी पर बसा भंडरवा गांव के 90 फीसदी घरों में शौचालय नहीं है। इससे यहां के लोगों में खासकर महिलाओं में व्यवस्था के प्रति काफी आको्रश व्याप्त है। जानकारी मिलने पर जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने 23 जून को पीएचइडी के कार्यपालक अभियंता के साथ गांव का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र के गली के गांव में शौचालय का नहीं होना आश्चर्य की बात है। उन्होंने पेयजल स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता को इस दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया। जिप अध्यक्ष शालिनी ने गांव के मुखिया फयुम अंसारी और वार्ड सदस्य शमीना खातुन को लाभुकों की सूची बनाकर पेयजल विभाग में जमा करने को कहा। वहीं कार्यपालक ने कहा कि लाभुकों को विभाग के द्वारा प्रोत्साहन राशि के रुप में 12 हजार रूपए दिए जाएंगे। ग्रामीणों ने जिप अध्यक्ष के सामने पेयजल की समस्या भी रखी। इसके तहत अंबाडीह और चांदेडीह के नदी से जलापूर्ति कराने के लिए प्रपोजल तैयार करने का निर्देश भी कार्यपालक को दिया। बता दें कि यह गांव सरकार के स्वच्छता मिशन को मुंह चिढाता नजर आ रहा है। इस मैके पर दामोदर ठाकुर, सुरेश कुमार, राजू शर्मा, कन्हाय यादव, संजू देवी, मंजू देवी, अजमेरी खातुन जुमेला खातुन, मंजूर आलम और किशोरी यादव समेत कई लोग मौजूद थे।



