
झारखंड में सक्रिय प्रमुख किसान संगठनों के नेताओं ने संयुक्त बयान जारी करके कहा है कि दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में झारखंड के सभी जिलों में 6 फरवरी को दोपहर 12 से 3 बजे तक सम्पूर्ण चक्का जाम किया जाएगा।


अखिल भारतीय किसान सभा के झारखंड राज्य महासचिव महेंद्र पाठक, झारखंड राज्य किसान सभा के उपाध्यक्ष सुफल महतो, अखिल भारतीय किसान महासभा के सचिव पूरन महतो और किसान संग्राम समिति के राजेन्द्र गोप ने संयुक्त बयान में कहा कि मोदी सरकार किलेबंदी करके किसान आंदोलन का दमन करना चाह रही है। किसान दिल्ली बॉर्डर पर इकठ्ठा न हों इसके लिए सरकार ने बॉर्डर के आसपास हाईवे पर गड्ढे खुदवा दिया और सड़क पर कीलें बिछा दीं। किसान के समर्थन में अब पूरा देश लामबंद हो रहा है और कल 6 फरवरी को झारखंड के हर जिले में दोपहर 12 से 3 बजे तक सम्पूर्ण चक्का जाम किया जाएगा।
अखिल भारतीय किसान सभा के झारखंड राज्य महासचिव महेंद्र पाठक ने कहा कि रामगढ़ जिले में नया मोड़ और सुभाष चौक पर चक्का जाम किया जाएगा। चक्का जाम में सिर्फ आवश्यक वस्तुओं के वाहनों, एम्बुलेंस और स्कूल बसों को सड़क पर चलने की छूट दी जाएगी।

