
विजय सिहं
कानपुर देहात ।
इंदौर-पटना एक्सप्रेस के कानपुर के नजदीक पुखरायां में हुए हादसे के निशान अभी मिटे भी नहीं थे कि रेलवे की लापरवाही से बुधवार सुबह एक और बड़ा हादसा हो गया। आशंका है कि पटरी चटकी होने से सुबह 5.18 बजे टूंडला सेक्शन के रूरा स्टेशन से चंद कदम पहले सियालदह से अजमेर जा रही 12987अप सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें 118 से अधिक लोग घायल हो गए। 15 बोगियां क्षतिग्रस्त हुई हैं, इनमें 13 स्लीपर कोच (एस 1 से एस 13 तक) और दो जनरल हैं। दो बोगियां एस-5 व एस-6 नहर में लटक गईं, छह पलट गईं और सात पटरी से उतर गई।
हेल्पलाइन नंबर1कानपुर – 0512-2323015, 2323016, 23230181इलाहाबाद- 0532-2408149, 2408128, 24073531टूंडला- 05612-220337, 220338, 220339 13
घायलों को कानपुर के हैलट व अकबरपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जांच उत्तर परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त शैलेश कुमार पाठक करेंगे।1हादसे के समय ट्रेन 108 किमी की रफ्तार से जा रही थी। घटनास्थल हावड़ा-दिल्ली रूट पर कानपुर से करीब 45 किमी दूर है। गाड़ी के हिचकोले लेते ही चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोग राहत व बचाव कार्य में जुट गए। रेलवे की रेस्क्यू टीम, एनडीआरएफ व सेना की टीमें जब पहुंचीं, तब तक अधिकांश घायलों को अस्पताल भेजा जा चुका था। बाद में सुरक्षित बची छह बोगियों को अजमेर की ओर रवाना किया गया। उप्र के सीएम अखिलेश यादव ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार व मामूली रूप से घायलों को 25 हजार सहायता देने की घोषणा की है।

