
जमशेदपुर : नालसा की स्कीम 2015 के तहत रविवार को सोनारी भुतनाथ सामुदायिक भवन में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. उक्त शिविर में आपदा पीडि़तों को विधिक सहायता प्रदान करने के लिए बनी टीम की लीडर सह एसडीजेएम श्वेता कुमारी ने उपस्थित लोगों को आपदा की स्थिति में कैसे अपना बचाव करना है तथा कहां से सहायता प्राप्त की जा सकती है उसके बारे में बताया. उन्होंने लोगों से आपदा पीडि़तों की मदद में खुलकर सामने आने तथा राहत एवं बचाव कार्य के लिए स्थानीय निकाय से संपर्क स्थापित करने के लिए कहा. मौके पर मौजूद कार्यपालक दंडाधिकारी यस्मिता सिंह ने कहा की आपदा पीडि़तों की मदद के लिए प्रशासन हमेशा तत्पर रहता है. उन्होंने इसके लिए जवाबदेह अधिकारियों की जानकारी दी वही अधिवक्ता लीना मोहंती ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से प्रदान की जाने वाली सेवाओं से लोगों को अवगत कराया. मौके पर पीएलवी शैलेंद्र प्रसाद, प्रकाश मिश्रा, जोबा रानी बास्के, संजय कुमार तिवारी सहित बस्तीवासी मौजूद थे.
असंगठित श्रमिकों को बताए गए उनके अधिकार
गोलमुरी स्थित टुइलाडूंगरी चौक पर रविवार को नालसा स्कीम के तहत असंगठित कर्मकारों के लिए कानून में किए गए प्रावधानों के संबंध में न्यायिक पदाधिकारियों ने जानकारी दी. प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी अभिनव कुमार ने मजदूरों से जागरूक होने तथा अपने अधिकार प्राप्त करने के लिए श्रम विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करने के लिए कहा. मौके पर दिगंबर महतो, पुनम कुमारी, पीएलवी शैलेन्द्र प्रसाद, प्रकाश मिश्रा, सुनीता झा, मनोज कुमार गिरी, सहित अन्य मौजूद थे.

