जमशेदपुर।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के “मन की बात” के माध्यम से व्यक्त उद्गार निश्चित रूप से हम सबों को
प्रेरणा देते हैं। चाहे वह देश भक्ति के संदर्भ में हो या फिर आजादी के आंदोलन में जो वीर शहीद हुए हैं उनके सपनों का भारत, उनके सपनों के झारखंड बनाने की प्रेरणा हो या देश के कस्बों- गांवों में छिपी हुई प्रतिभा को निखारने का काम हो प्रधानमंत्री ने मन की बात के माध्यम से देश के लोगों के साथ विविध क्षेत्रों की बातें साझा की हैं।
मुख्यमंत्री ने जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर में आम लोगों के साथ प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम के सीधा प्रसारण को सुना। ‘मन की बात’ सुनने के उपरांत मुख्यमंत्री पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ के माध्यम से गांवों, कस्बों के नौजवानों ने खेल के क्षेत्र में किस प्रकार से सराहनीय प्रदर्शन किया इस विषय में प्रधानमंत्री के उद्गार अत्यंत उत्साहवर्द्धक और प्रेरणादायी थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि निश्चित रूप से समस्त देशवासियों को और स्वयं मुझे भी प्रधानमंत्री के विचारों से बहुत प्रेरणा मिलती है। उनकी प्रेरणा के अनुरूप हम अपने झारखंड को नया झारखंड बनाएंगे।
विविध पक्षों पर देशवासियों से प्रधानमंत्री ने की चर्चा
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार 4 वर्षों से प्रधानमंत्री “मन की बात” के माध्यम से देश, राज्य, गांव, कस्बों में जो घटना घटित हुईं, जो कुछ अच्छे काम होते हैं चाहे वह आध्यात्मिक क्षेत्र में हो, शिक्षा या सामाजिक क्षेत्र में हुए काम हों उनको देश के समक्ष लाने का काम करते हैं और देशवासियों के साथ उन विषयों पर चर्चा करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है उन प्रतिभाओं को आगे ले जाने के लिए उंगली पकड़ने का काम प्रधानमंत्री के हाथों हुआ है। इसके लिए प्रधानमंत्री को हृदय से बहुत-बहुत साधुवाद देना चाहता हूं जिन्होंने गांव, कस्बों, स्लम क्षेत्र की गलियों में रहने वाले गरीब परिवार को भी आगे लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने आजाद भारत के लिए जो सपना देखा था उस नये भारत को बनाने में हम सब अपने कर्त्तव्य और भूमिका निभाएं।
प्रधानमंत्री के साथ वार्ता करने वाले जिले के बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं
ज्ञातव्य है कि जमशेदपुर के केंद्रीय विद्यालय, टाटानगर की छात्रा इशिता साहू और श्री कृष्ण पब्लिक मेमोरियल स्कूल, बिस्टुपुर के छात्र आयुष झा देश के प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचारों को रखेंगे। इस हेतु उक्त दोनों की रिकॉर्डिंग कर ली गई है। दोनों छात्रों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि निश्चित रूप से जमशेदपुर शहर और झारखंड के लिए गौरव की बात है कि शहर की एक बेटी और एक बेटे ने शिक्षा के क्षेत्र में जो उनका अनुभव है और जो बदलाव वे चाहते हैं उसको सीधे प्रधानमंत्री के समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि अन्य बच्चे भी प्रेरणा लेते हुए शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ राज्य और देश की व्यवस्था के प्रति अपने कर्तव्यों को समझते हुए इस दिशा में अपने मौलिक विचार और सोच को विकसित करें।




