चांडिल के निकट फलदूगोड़ा के पास घटी घटना, घायलों को ब्रम्हानंद अस्पताल एवं एमजीएम अस्पताल ले जाया गया
संवाददाता
जमशेदपुरः रांची से टाटा आ रही यात्री बस फलदुगोड़ा के पास पलट गई जिसमें एक महिला रानी देवी की मौत हो गई एवं करीब दर्जनभर लोग घायल हो गए हैं. घटना के संबंध में घायल यात्रियों ने बताया कि बस के चालक द्वारा ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया जा रहा था इसी क्रम में चालक का गाड़ी से नियंत्रण खो गया जिससे उक्त हादसा हुआ. वहीं गाड़ी पलटने के बाद वहां अफरा- तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया जिसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा ब्रम्हानंद अस्पताल को सूचना दी गई. जिसके बाद सभी घायलों को ब्रम्हानंद अस्पताल एवं साकची स्थित एमजीएम अस्पताल ले जाया गया है. घटना दोपहर करीब 4 बजे की बताई जा रही है. उधर घटना की सूचना पाते ही कपाली थाना पुलिस द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर यात्रियों के सामानों को सुरक्षित स्थानो पर रखवाया गया. साकची थाना पुलिस की ओर से भी एमजीएम अस्पताल पहुंचकर घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने का प्रयास किया गाया. हालांकि एमजीएम अस्पताल प्रबंधन की ओर से सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा उपब्ध करायी जा रही है. समाचार लिखे जाने तक मृतकों की संख्या में वृद्धि नहीं हुई थी. पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है.
