जमशेदपुर।
पूर्वी सिंहभूम राजद जिलाध्यक्ष के रूप में साकची स्थित गांघी घाट पर पहली पत्रकार वार्ता के दौरान पुरेन्द्र नारायण सिंह ने पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा के प्रति आभार प्रगट करते हुए कहा कि पार्टी में सबको साथ लेकर चलना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी. जिले में पार्टी की वर्तमान स्थिति के संबंध में उन्होंने कहा कि इसके लिए व्यापक पैमाने पर पार्टा के कार्यकर्ताओं को पार्टी हित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर जिले में पार्टी का जनाधार कम हुआ है, लेकिन जल्द ही पार्टी अपने पुराने रूप में नजर आएगी. एक समय था जब प्रदेश में पार्टी के 14 विधायक हुआ करते थे आज पूरे राज्य में पार्टी का एक भी विधायक नहीं है. जो कि काफी चिन्ता का विषय है. हालांकि उन्होंने दावा किया कि पार्टी के वरीय नेताओं ने उनपर जिले के नेतृत्व को लेकर जो जिम्मेवारी सौंपी है उसपर वे खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे. इस दौरान राजद के कई नेताओं ने उन्हें फूलों से लादते हुए उनके नेतृत्व को स्वीकार करते हुए कदम से कदम मिलाकर साथ निभाने एवं पार्टी के खोए जनाधार वा वापस लाने में पूरा सहयोग देने का संकल्प लिया. इस दौरान शारदा देवी, राधे यादव, ओमप्रकाश आदि काफी संख्या में राजद के कार्यकर्ता एवं नेता उपस्थित थे.



