रिश्तेदारों से बातचीत के क्रम में दहेज को लेकर प्रताड़ित किए जाने का मामला प्रकाश में आया
जमशेदपुर।
एमजीएम थाना अन्तर्गत बालीगुमा के बगान एरिया में मंगलवार अहले सुबह पत्नी से मामूली विवाद में एक सिरफिरे पति ने सब्जी काटने के लिए प्रयोग किए जानेवाली हसुए से अपनी पत्नी की हत्या कर दी. हत्या करने के बाद पति नंदू प्रजापति घर से फरार हो गया. इस संबंध में बताया जाता है कि दोनों दंपत्ति बालीगुमा के बगान एरिया में अपने रिश्तेदार के घर किराए पर रहते थे. दोनों की शादी दो वर्ष पूर्व ही हुई थी. मगलवार की घटना के संबंध में मकान मालिक (मृतका के बहनोई) ने बताया कि रात से ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर अन- बन चल रही थी. पाति- पत्नी का मामला होने के कारण हस्तक्षेप करना उचित नहीं समझा. उन्होंने बताया कि सुबह जब घर का वातावरण शांत लगा तो उन्हें शंका हुई, जब घर के दरवाजे पर जाकर आवाज लगाई तो किसी ने दरवाजा नहीं खोला उसके बाद जब घर के भीतर प्रवेश किया तो वहां महिला (अपनी साली) को मृत पाया एवं अपने साढ़ू (मृतका के पति) को फरार पाया. उसके बाद उन्होंने घटना की सूचना तत्काल एमजीएम थाना को दी. उधर घटना की सूचना पाते ही एमजीएम थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले परिजनों से पूछ- ताछ कर रही है. इस संबंध में मृतका की बहन ने बताया कि शादी के बाद से ही उसके पती (हत्यारोपी) द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था. इसी को लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता रहता था. पुलिस आरोपी पति को गिरफ्तार करने के प्रयास में जुट गई है. समाचार लिखे जाने तक पति की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी. घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. हर कोई इस जघन्य हत्याकांड की निंदा कर रहे थे.
