
जमशेदपुर


बिहार में आये भीषण जलप्रलय से जन जीवन अस्तव्यस्त है। ऐसे में मानवीय संवेदना को अक्षुण्ण बनाये रखते हुए बागबेड़ा के रोड नंबर चार स्थित जमशेदपुर की चर्चित दुर्गा पूजा कमिटी आगे आई है। माई दरबार पूजा कमिटी की ओर से बिहार बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए मुहिम शुरू की गयी है। पूजा कमिटी ने पंडाल परिसर में एक दान पेटी का अधिष्ठापन किया है। पेटी पर बड़े अक्षरों में बिहार फ्लड रिलीफ़ फंड अंकित किया गया है। लोग इसमें स्वेच्छा से सहयोग राशि जमा कर सकेंगे। विजय दशमी तक इस दानपात्र में एकत्रित कुल राशि को पूजा कमिटी जमशेदपुर उपायुक्त को सौंपेगी। जिला प्रशासन के माध्यम से बिहार बाढ़ प्रभावितों के सहायतार्थ उचित फोरम के माध्यम से उनतक पहुँचाई जाएगी। इस आशय में बागबेड़ा रोड नंबर चार पूजा कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष सोनू सिंह ने बताया कि बिहार में हज़ारों हिंदू परिवार नवरात्रि मनाने से वंचित रह गया। प्राकृतिक आपदा के कारण वहाँ जनजीवन प्रभावित है। ऐसे में उनके सेवार्थ पूजा कमिटी ने बिहार के लोगों को यथासंभव मदद का निर्णय लिया है। कहा कि पंडाल के मध्य लगाए गए दानपात्र में लोग अपनी इच्छानुसार सहयोग राशि जमा कर रहे हैं। वहीं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश देती हुई बागबेड़ा की यह पंडाल कोल्हान समेत पूरे राज्य की एकमात्र वातानुकूलित पंडाल है जहाँ कलाकृतियों के माध्यम से ग्रामीण एवं आदिवासी संस्कृति को दर्शाने का प्रयास किया गया है।

