
जमशेदपुर : कुड़मी सेना की ओर रविवार को बिस्टुपुर गोपाल मैदान में भव्य ‘करम महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमे झारखंडी संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुति तो होगी ही, समाज के लोगों को पर्यावरण बचाने का संदेश भी दिया जाएगा. साथ ही अलग- अलग क्षेत्र में विशिष्ट कार्य करने के लिए समाज के तीन विभूतियों को ‘कुड़मी रत्न’ से सम्मानित किया जाएगा. संगठन के सदस्य अध्यक्ष शैलेन्द्र महतो के दिशा- निर्देश में आयोजन को अंतिम रूप देने में लगे हुए है. उक्त मौके पर झारखंड सहित पश्चिम बंगाल व ओडिशा की टीम झुमुर व अन्य गीत नृत्य प्रस्तुत करेंगे.
बारिश के मौसम को देखते हुए मंच तथा दर्शकों के बैठने के स्थान में वाटरप्रूफ पंडाल बनाया गया है. दर्शकों के लिए कुर्सी आदि लगाया गया है. साथ ही अतिथि व अन्य लोगों के बीच ‘पर्यावरण बचाने’ का संदेश देने के लिए लगभग दो हज़ार फलदार पौधा वितरण किया जाएगा. इसके सफल आयोजन हेतु शैलेन्द्र महतो के साथ मानिक महतो, जगन्नाथ महतो, शैलेन्द्र महतो छोटे, अर्जुन महतो, संजय महतो, सुशेन महतो सहित और भी कार्यकर्ता लगे हुए हैं.सुबह शहर पहुचेंगे मंत्री श्रवण कुमार
करम महोत्सव में भाग लेने के लिए बिहार के ग्रामीण विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार रविवार को ही शहर पहुंचेंगे. झारखंड सरकार द्वारा ज़िला प्रशासन को भेजे गए पत्र के मुताबिक मंत्री श्री कुमार पटना-बिलासपुर ट्रेन से पूर्वान्ह 9.20 बजे टाटानगर स्टेशन पहुँचेंगे. वहां से सीधे स्थानीय सर्किट हाउस आकर विश्राम करेंगे. शाम को बिस्टुपुर गोपाल मैदान में कार्यक्रम में भाग लेने के उपरांत वे संध्या 7.35 बजे साउथ-बिहार एक्सप्रेस से पुनः पटना के लिए रवाना हो जाएंगे. बिहार के मंत्री के आगमन को देखते हुए राज्य सरकार ने ज़िले के उपयुक्त तथा वरीय पुलिस अधीक्षक को उनके ठहरने, सुरक्षा व वाहन की समुचित व्यवस्था तथा एक संपर्क पदाधिकारी मनोनीत करने का निर्देश दिया है.
शैलेन्द्र के नेतृत्व में होगा स्वागत
कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे जदयू मंत्री व अन्य अतिथियों का जदयू के प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष शैलेन्द्र महतो के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया जाएगा. शैलेन्द्र ने बताया कि पार्टी के कार्यकर्ता तथा कुड़मी सेना के सदस्य सभी अतिथियों का अभिवादन करेंगे. कार्यक्रम में आने के लिए बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार सहित राज्य के पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो, पूर्व मंत्री लालचंद महतो तथा मांडू के वर्तमान विधायक जयप्रकाश भाई पटेल शामिल हैं.

