जमशेदपुर।उपायुक्त रविशंकर शुक्ला की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में सभी उज्ज्वला दीदी के साथ एक बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त द्वारा सभी उज्ज्वला दीदी को निदेशित किया गया कि उज्ज्वला योजना से लाभान्वित हो सकने वाले छूटे हुए योग्य लाभुकों को चिन्हित करें। उपायुक्त ने उपस्थित सदस्यों को संबधित करते हुए उज्ज्वला योजना क्या है एवं इससे किन्हें लाभान्वित करना है इसपर भी विस्तार से बताया गया। उपायुक्त द्वारा उज्ज्वला योजना संचालित करने का उद्देश्य भी बताया गया। उपायुक्त ने कहा कि महिलायें जब लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाती हैं तो उससे निकलने वाले प्रदूषण से कई तरह की बिमारियां होती है। लकड़ी के चूल्हे से एक बार में 10 पैकेट सिगरेट पीने के बराबर नुकसान महिलाओं को पहुंचता है। अपने स्वास्थ्य तथा पर्यावरण के लिए जरूरी है कि लकड़ी या कोयले के चूल्हे पर खाना बनाने वाली महिलाओं को चिन्हित कर उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन प्रदान किया जाए। सामाजिक आर्थिक गणना आधार के अंतर्गत जो लोग आते हैं उन्हें उज्ज्वला योजना का लाभ मिल सकता है। झारखंड ऐसा पहला राज्य है जहां सिलेंडर के साथ-साथ गैस चूल्हा भी मुफ्त में लाभुकों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
किन्हें उज्ज्वला योजना का लाभ मिल सकता है-
1. सभी राशन कार्डधारी
2. वन पट्टाधारी
3. प्रधानमंत्री आवास के लाभुक
उपायुक्त द्वारा सभी उज्जवला दीदी को बताया गया कि जिन लोगों को अभी तक गैस कनेक्शन नहीं मिला है उनकी सूची विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी कार्यालय के माध्यम से उन्हें उपलब्ध करा दिया जाएगा, जिससे योग्य लाभुकों को चिन्हित करने में उन्हें आसानी हो।
विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी द्वारा केवाईसी के लिए किन-किन कागजातों की आवश्यता पड़ेगी वो बताया गया, जो निम्नवत हैं-
1. राशन कार्ड
2. बैंक खाता नंबर
3. दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ
4. आधार नंबर
5. स्व हस्ताक्षरित घोषणा पत्र
बैठक में जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष श्री दिनेश साव, बीस सूत्री सदस्य-जुगसलाई, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी श्री नवीन कुमार, मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी तथा अन्य उपस्थित थे।
