
जमशेदपुर।
फिजिक्स, बायोलॉजी और मैथ्स के टीचर नहीं होने के मामले में टेल्को स्थित शिक्षा निकेतन स्कूल को जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कार्यवाई शुरू कर दी है। डीईओ कार्यालय से स्कूल को नोटिस निर्गत किया गया है जिसमें एक सप्ताह के भीतर साक्ष्य सहित पक्ष रखने का निर्देश है। विभाग की उक्त कार्यवाई भाजपा के जिला प्रवक्ता अंकित आनंद द्वारा किये गए लिखित शिकायत के आलोक में की गयी है। विदित हो कि शिक्षा निकेतन स्कूल सीबीएसई बोर्ड से संबद्धता प्राप्त है लेकिन निर्धारित मानदंडों पर खरा नहीं उतर रहा। बीते छह महीनों में स्कूल से काफ़ी संख्या में शिक्षक स्कूल छोड़ गए हैं। वहीं कईयों पर प्रबंधन की ओर से स्कूल छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है। इसके अलावे जिला प्रशासन द्वारा आयोजित लोकमंच कार्यक्रम में बीते जुलाई महीने में शिक्षा निकेतन स्कूल के एक छात्र ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से स्कूल में व्याप्त शिक्षकों की कमी और अव्यवस्था से संबंधित शिकायत कर सहयोग की माँग की थी। स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार के बाद भाजपा जिला प्रवक्ता अंकित आनंद ने भी इस विषय को गम्भीरत से लिया था। उन्होंने त्वरित कार्यवाई के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार के समक्ष लिखित शिकायत किया। अंकित आनंद ने स्कूली बच्चों के हित में किये गए शिकायत में कई महत्वपूर्ण विषय उठाया था। शिकायत में उल्लेख है कि क्वालिटी एडुकेशन के नाम पर बच्चों से हर महीनें 1800 से अधिक रुपये फ़ीस के रूप में लिये जाते हैं लेकिन कक्षा ग्यारहवीं और बारहवीं के विज्ञान संकाय के बच्चों को पढ़ाने के लिए पिछले चार महीनों से भौतिक विज्ञान, गणित और जीव विज्ञान के शिक्षक अनुपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त प्राथमिक कक्षाओं से लेकर उच्च कक्षाओं तक अनुभवी और योग्यताधारी शिक्षकों के अभाव पर भी चिंता ज़ाहिर करते हुए इसे अभिभावकों और बच्चों के साथ ठगी और धोखाधड़ी करार देते हुए कड़ी कार्यवाई की माँग की गयी थी। शिक्षा निकेतन स्कूल के सचिव राजीव रंजन पर स्कूल परिसर में नई बिल्डिंग निर्माण में वित्तीय अनियमितता तथा आर्थिक भ्रष्टाचार करने का भी मामला उठाते हुए विभागीय स्तर से जाँच करने की माँग की गयी थी। पत्र में कुल दस बिंदुओं पर कार्यवाई और जाँच की माँग उठाई गयी थी। भाजपा जिला प्रवक्ता ने पंद्रह जुलाई को पत्र के माध्यम से जिला शिक्षा पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार से कार्यवाई का आग्रह किया था। शिकायतवाद पर संज्ञान लेते हुए बीते चार अगस्त को शिक्षा निकेतन स्कूल के सचिव राजीव रंजन तथा प्रिंसिपल सुमिता डे को जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से नोटिस ज़ारी किया गया है। नोटिस में निर्देश है कि भाजपा जिला प्रवक्ता द्वारा उठाये गए विषयों एवं बिंदुओं पर साक्ष्य सहित प्रतिवेदन एक सप्ताह के भीतर डीईओ कार्यालय में जमा की जाए। 12 अगस्त को उक्त नोटिस की मियाद समाप्त हो जाएगी।
” गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का दावा कर शिक्षा निकेतन स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। शैक्षणिक सत्र 2019 शुरू हुए चार महीनें बीत गए लेकिन मैथ्स, फिजिक्स, बायोलॉजी के शिक्षक तक मौजूद नहीं है। यह बच्चों और अभिभावकों के साथ ठगी और धोखाधड़ी है। पाठ्यक्रम पूरा किये बिना अगले साल जनवरी-फ़रवरी में बारहवीं के बोर्ड परीक्षाओं में बच्चें कैसे सफ़ल होंगें यह चिंता का विषय है। स्कूल के स्तर से घोर लापरवाही बरती गयी है, जिसपर कड़ी कार्यवाई होनी चाहिए। इससे स्कूल को मिले सीबीएसई से मान्यता पर भी प्रश्नचिन्ह उठना ज़ाहिर है।” – अंकित आनंद, जिला प्रवक्ता, भाजपा।

