जमशेदपुर पश्चिम के विधायक एवं राज्य सरकार में खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने कहा है कि लंबे समय से सरकारी तथा टाटा लीज की जमीन पर बसे लोगों को उनकी जमीन का मालिकाना हक देकर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2022 तक सबके लिए आवास के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। आज बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में पश्चिम जमशेदपुर क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए श्री राय ने कहा की मानगों के 90 फीसदी लोगों के खतियान में अवैध दखल लिखा हुआ है, जबकि कदमा सोनारी में भी बड़ी संख्या में लोग टाटा लीज और सरकार की जमीन पर बसे हुए हैं। इन सभी को वैध करने की प्रक्रिया सरकार को शुरू करनी चाहिए। मंत्री ने कहा कि जिसकी जमीन पर घर बना है, उसके नाम मालिकाना करते हुए क्षेत्रफल के हिसाब से उनसे जमीन का पैसा लेकर रजिस्ट्री दी जाए, इसका प्रयास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि एकीकृत बिहार के समय के राजस्व सचिव का एक परिपत्र भी है जिसमें 12 से 20 साल तक सरकारी भूमि पर बसे लोगों का खाता रजिस्टर टू में खोलने की बात कही गई है। मंत्री ने कहा कि लोगों को मालिकाना हक मिल जाने से बहुत सारी समस्याओं का खुद-ब-खुद समाधान हो जाएगा। लोकसभा चुनाव की चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा केंद्र सरकार के पिछले 5 साल में किए गए कार्यों का परिणाम था कि देश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा जताते हुए फिर से देश की बागडोर सौंपी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सरकार गंभीरता से काम कर रही है और इसका परिणाम देश के सभी लोगों तक पहुंचेगा। कई नई-पुरानी योजनाओं पर काम हो रहा है, जिससे भारत दुनिया के शीर्ष दो तीन देशों के की श्रेणी में शामिल होगा। मंत्री ने कहा कि हमारे विधानसभा क्षेत्र में हर मंडल में कुछ कुछ बूथों पर हम पीछे रहे हैं। हमारा प्रयास होगा कि ज्यादा से ज्यादा बूथों पर हम आगे रहे। केंद्र के स्तर से भी इस बारे में प्रयास हो रहा है। सरकार की जो भी योजनाएं हैं, वह सभी जमात के लिए हैं। उसका फायदा भी सभी जमात के लोगों को मिला है, लेकिन फिर भी हमें जितना वोट मिलना चाहिए था, उतना नहीं मिल पाया। आजाद नगर में हमें एक भी बूथ पर वोट नहीं मिला। वहां के लोगों को भी समझना होगा कि आप वोट देंगे तो हम अधिक वोट से जीतेंगे, नहीं देंगे तो कुछ कम वोट से जीतेंगे। इसलिए देश को मजबूत और विकास के रास्ते पर चलाने के लिए उन्हें भी भारतीय जनता पार्टी का साथ देना चाहिए। क्योंकि देश ने समझ लिया है कि भारत को आर्थिक और सैन्य महाशक्ति बनाना है तो नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही संभव हो सकता है। देश के समक्ष खड़े ज्वलंत सवालों का जवाब मोदी ही दे सकते है, ऐसा भारत के लोगों का मानना है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। एक ऐसा समय था जब जनसंघ और भाजपा से चुनाव लड़ने के लिए कार्यकर्ताओं को पकड़ कर लाना पड़ता था और वह तैयार नहीं होते थे। उस समय के नेता कहते थे अगर 3% आबादी हमारे कार्यकर्ता के रूप में खड़ी हो जाए, तो हम सरकार बनाने में सफल हो जाएंगे। आज देश की 3% आबादी भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में खड़ी है और पूरा देश उसके साथ है। मंत्री ने कहा कि विगत लोकसभा चुनाव में बेहतर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को 11 सौ रुपए देकर सम्मानित भी किया जाएगा
इस अवसर पर लोकसभा चुनाव में पश्चिम जमशेदपुर विधानसभा क्षेत्र से बेहतर प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
सम्मान समारोह में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने दो लाख से अधिक वोटों से रिकॉर्ड जीत दिलाने वाले कार्यकर्ताओं के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए और कार्यकर्ताओं के सम्मान दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने पश्चिमी जमशेदपुर विधानसभा क्षेत्र के दो दिवंगत कार्यकर्ताओं के परिजनों को एक-एक लाख रुपये की सहायता देने की भी घोषणा की। सम्मान समारोह को जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, मुरलीधर केडिया ने भी संबोधित किया। संचालन मुकुल मिश्रा, स्वागत चितरंजन वर्मा एवं धन्यवाद ज्ञापन सुररंजन राय ने किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव शर्मा, देवेंद्र सिंह, विनोद सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, अशोक गोयल, योगेश मल्होत्रा, आशुतोष राय समेत पश्चिम जमशेदपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्ष एवं प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।
