उपायुक्त श्री अमित कुमार की अध्यक्षता में बैठक
जमशेदपुर।
नगर विकास एवं आवास विभाग झारखंड के निर्देश के आलोक में दीनदयाल अंत्योदय योजना एवं राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत आगामी 18 फरवरी से 20 फरवरी तक जमशेदपुर के गोपाल मैदान में आयोजित होने वाले शहरी समृद्धि उत्सव सह स्ट्रीट फूड फेस्टिवल के सफल आयोजन हेतु उपायुक्त श्री अमित कुमार की अध्यक्षता में एक बैठक संपन्न हुई। शहरी समृद्धि उत्सव सह स्ट्रीट फूड फेस्टिवल में लगभग 70 स्टाल लगाए जाएंगे। उपायुक्त ने इस उत्सव में सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने उज्जवला, उजाला, सुकन्या, आयुष्मान जैसी योजनाओं की जानकारी स्कूलों के अलावा आम जनता तक सरलता से उपलब्ध हो यह सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त श्री अमित कुमार ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर बेहतर संवाद करने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना से संबंधित स्टॉल लगाने का निर्देश एलडीएम को दिया। शहरी समृद्धी उत्सव में लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण भी किया जाएगा। शहरी समृद्धि उत्सव सह स्ट्रीट फूड फेस्टिवल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। तीन दिवसीय उत्सव में विभिन्न स्वयं सहायता समूह द्वारा अपने उत्पाद को प्रदर्शित करने हेतु स्टॉल लगाया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने हेतु अलग अलग कोषांग बनाए गए हैं। आज की बैठक में मुख्य रूप से विशेष पदाधिकारी जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति, विशेष पदाधिकारी मानगो अधिसूचित क्षेत्र समिति, विशेष पदाधिकारी जुगसलाई नगरपालिका, एलडीएम, स्वयं सहायता समूह के प्रतिनिधि सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।




