
जमशेदपुर: आज भारतीय जनता पार्टी, जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के द्वारा बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में जम्मू कश्मीर के पुलवामा में
आतंकवादी हमले में शहीद हुए जवानों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें झारखंड सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय उपस्थित थे। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने आतंकवादियों के इस कायराना कृत्य की कड़ी निंदा की। इस मौके पर सरयू राय ने कहा कि हमारे दो पड़ोसी मुल्कों का हमारे देश में आतंक फैलाने तथा लोकतंत्र ढाँचे को कमजोर करने की नाकाम कोशिश की जाती रही है। विगत बृहस्पतिवार को जम्मू कश्मीर के पूलवामा में घात लगा कर सीआरपीएफ जवानों के काफीले पर विस्फोटकों से हमला करने जैसी कायराना हरकत पड़ोसी मुल्क की ऐसी ही एक कोशिश थी। लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने से ठीक पहले आतंकवादियों की यह हरकत हमारे लोकसभा चुनाव के महापर्व को बाधा पहुँचाने तथा हमारे एकता को तोड़ने की नीयत से की गयी थी। मगर इस घटना के तुरंत बाद हमारे देश के सभी समुदायों ने एकजुटता से इसकी कड़ी निंदा की है तथा इसके दोषियों पर सख्त करवाई करने की मांग उठाई है। इसके बाद सभी राजनीतिक दलों ने भी बैठक कर दोषियों पर कड़ी करवाई करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जिनके परिवार से लोग शहीद हुए हैं उन्होंने भी कहा है अगर अवसर मिले तो परिवार के और भी सदस्यों को सेना में भेजेंगे तथा इसका बदला लेंगे। घटना के तुरंत बाद ही हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना को बदला लेने की खुली छूट दे दी है। इसका बदला हमारे देश की सेना जरूर लेगी। अमेरिका सहित कई देशों ने भी इसके लिए हमारे साथ खड़े होने की बात कही है। कूटनीतिक तरीके से भी पड़ोसी मुल्क से इस घृणित हरकत के लिए बदला ली जाएगी, इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।इस अवसर पर चितरंजन वर्मा, अशोक गोयल, नीरू सिंह, सुर रंजन राय, चुन्नू भूमिज, दीपू सिंह, राजेश साव, अमरेंद्र पासवान, ललन द्विवेदी सहित जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं विभिन्न मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।



