
जमशेदपुर।
समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में वोटर अवेयरनेस फोरम के नोडल पदाधिकारियों की एक बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने उपस्थित लोगों को बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा मतदाताओं को मताधिकार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रत्येक सरकारी विभाग में वोटर अवेरनेस फोरम का गठन करना है। फोरम का एक नोडल पदाधिकारी नियुक्त करना है। वो नोडल पदाधिकारी मतदान से संबंधित जानकारी लोगों को उपलब्ध कराएगा।


सरकारी/ गैर सरकारी उपक्रमों/ विभागों में वोटर अवेयरनेस फोरम का गठन करना है
वोटर अवेयरनेस फोरम का गठन सभी सरकारी और गैर सरकारी उपक्रम में करना है और उसके नोडल पदाधिकारी की पूरी जानकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी को उपलब्ध कराना है। अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम को जिला स्तर पर वोटर अवेयरनेस फोरम का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। उप विकास आयुक्त ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों को 21 जनवरी तक अपने अपने विभाग में वोटर अवेयरनेस फोरम का गठन कर उसके नोडल पदाधिकारी की विस्तृत जानकारी जिला निर्वाचन विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वोटर अवेयरनेस फोरम के गठन का मुख्य उद्देश्य मतदान प्रतिशत को बढ़ाना है। जितने लोग जागरूक होंगे उतने ही मतदान का प्रतिशत बढ़ेगा।
वोटर हेल्पलाईन सेंटर का उदघाटन, उपायुक्त द्वारा किया गया था
गौरतलब है कि पिछले दिनों वोटर वेरीफिकेशन एण्ड इन्फाॅरमेशन प्रोग्राम के तहत जिला समाहरणालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर में वोटर हेल्पलाईन सेंटर का विधिवत उदघाटन, उपायुक्त अमित कुमार द्वारा किया गया था। इस वोटर हेल्प पाईन सेंटर से कोई भी आम नागरिक मात्र एक काॅल के माध्यम से निर्वाचन सम्बंधी सहायता प्राप्त कर सकता है। नागरिकों के लिए टोल फ्री सुविधा होगी, जिसका टोल फ्री नंबर 1950 है। वोटर हेल्पलाईन सेंटर सभी कार्य दिवस को कार्यालय अवधि में कार्यरत रहेगा।
आज की बैठक में मुख्य रूप एडीसी, एडीएम लाॅ एण्ड आर्डर, निदेशक एनईपी, निदेशक डीआरडीए, तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

