जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में गुरूवार की रात 9 बजे के अज्ञात लोगों ने एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी ।मृतक की पहचान रूईया पहाड़ के पास रहने वाले मंगल नंदी के पुत्र अजीत नंदी के रूप में हुई है। मृतक पेशे से हाईवा चालक था । घटना के बाद पुलिस ने इस मामले में रात भर अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।पुलिस उससे पूछताछ कर रही है तथा पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। घटना के संबंध में मृतक के पिता बबलू नंदी ने बताया कि उसका बेटा अजीत रात साढ़े आठ बजे अपने घर से निकल भक्तिनगर के पास मैदान गया। कुछ देर के बाद उन्हें सूचना मिली कि उसके बेटे को किसी ने गोली मार दी। इसके बाद वह घटनास्थल पहुंचा। वहां उन्होंने लोगों से मदद मांगी लेकिन किसी ने उनकी मदद नहीं की। काफी देर के बाद किसी तरह वह अपने घायल पुत्र को एम जी एम अस्पताल ले गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में सिटी डी एस पी अनिमेश नथानी ने कहा कि अजीत नंदी को गोली मारने के आरोप में ईस्टप्लांट बस्ती के रहने वाले पकंज साव को हिरासत में लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।



