
जमशेदपुर। टाटा स्टील के ओएमक्यू डिवीजन ने आज जोडा, नोआमुंडी और जगन्नाथपुर प्रखंड में ‘‘संकल्प यात्रा’’ का आयोजन किया। इन तीनों प्रखंडों के पांच गांवों – देवगांव, अंसाइकेला, आनंद बाजार, बेतरकिया और लोकेसाई से एक साथ इस यात्रा की शुरुआत की गयी।
यह संकल्प यात्रा 46 गांवों का भ्रमण करते हुए 12 जनवरी को नोआमुंडी के संग्रामसाही में समाप्त होगी। इस यात्रा का आयोजन राष्ट्रीय युवा दिवस समारोह के तहत किया जा रहा है। राष्ट्रीय युवा दिवस स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 12 जनवरी को आयोजित किया जाता है। ‘संकल्प यात्रा‘ गांवों में युवाओं के बीच कुपोषण, शराबखोरी तथा सूचना व संचार का संदेश प्रसारित करेगी।
टाटा स्टील ओएमक्यू जीएम पंकज सतीजा ने लक्ष्मी सोरेन, सदस्य जिला परिषद, लोकसाई गांव, नोआमुंडी के साथ संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाई। लोकेसाई गांव में श्रीमती गीता कोड़ा, विधायक, जनगन्नाथपुर और निरंजन बोबोंगा, मानकी के साथ बामिया मुडा ने संकल्प यात्रा में हिस्सा लिया। डॉ. योगेश्वर राम, सिविल सर्जन, वेस्ट सिंहभूम, प्रदीप कुमार महतो, बीडीओ, जगन्नाथपुर, देवदूत मोहंती, हेड, सीएसआर, झारखंड, टाटा स्टील और टाटा स्किल के स्किल डेवलपमेंट हेड कैप्टन अमिताभ, ने अगल-अलग स्थानों पर संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया।
लोकेसाई में सभा को संबोधित करते हुए श्री सतीजा ने कहा कि हमने युवाओं के साथ करीब से बातचीत करने और उन्हें उनके व संबंधित गांव से जुड़े मुद्दे पर जागरूक बनाने के लिए संकल्प यात्रा की परिकल्पना की। यह केवल एक शुरुआत है। ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा हेतू हम युवाओं के लिए कई और फोरम तैयार करेंगे।
उम्मीद है कि संकल्प यात्रा में 46 गांवों से 25 युवा समूहों समेत कुल 4000 लोग शामिल होंगे। यात्रा में 120 किलोमीटर की दूरी तय की जायेगी। लोकेसाई के ग्रामीणों ने इस पहल पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गांवों में सृजित विषय-आधारित चर्चा फोरम निश्चित रूप से विभिन्न मुद्दों पर युवाओं के ज्ञान को समृद्ध करेगा, जो उनके कल्याण और उनकी सफलता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।



