जमशेदपुर।


मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि वे खुशनसीब हैं कि उन्हें भगवान सूर्य और माता शीतला का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि वे तो मजदूर थे। जनता ने उन्हें राज्य का मुख्य सेवक बनाया है। मगर वे वादा करते हैं कि राज्य विकास के मामले में झारखंड को अगले सात-आठ वर्षों में देश और दुनिया का नंबर एक राज्य बनाकर और वे खुद नंबर एक मजदूर बनकर दिखाएंगे। गरीबी को नेस्त नाबूद कर देंगे। सीएम को छठ के मौके पर सूर्य मंदिर कमेटी की ओर से टाउन हॉल परिसर में आयोजित सालाना सांस्कृतिक संध्या के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होने कहा कि छठी मइया से जो ऊर्जा मिली है उससे कोई बेरोजगार और बेइलाज नहीं रहेगा। कहा, समर्पित होकर कोई भी काम किया जाए तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। समर्पण में शक्ति होती है। चाहे पढ़ाई हो या उद्योग हर काम में समर्पण की जरूरत होती है। इससे पूर्व सीएम ने अपने साथ स्टेज पर मौजूद सांसद परिमल नथवानी का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के अनुसार अगर संगीत नहीं होता तो जीवन नीरस होता। इसलिए हमारे पूर्वजों ने पर्व-त्योहार के मौके पर गीत-संगीत की रचना की और इसे प्रमुखता दी। संगीत आत्मा से जुड़ती है और आत्मा परमात्मा से जुड़ता है। संगीत में अद्भुत शक्ति होती है। संगीत से बीमारी भी ठीक होती है। वे खुद पहले जब भालूबासा में सरस्वती और दुर्गा पूजा करते थे तो चुन्नू-मुन्नू का कार्यक्रम करवाते थे।