ओजोन दिवस पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर मिनी मैराथन


जमशेदपुर। पॉलीथीन के विरुद्ध पिछले एक सप्ताह से जिला जन संपर्क कार्यालय की तरफ से चलाये जा रहे जन जागरूकता अभियान से आम-जन और शहर के युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से आगामी 16 सितंबर शुक्रवार को विश्व ओजोन दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का सन्देश देता मिनी मैराथन ’’पर्या-थन’’ के आयोजन की योजना बनी। जिला उपायुक्त श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन और संरक्षण में प्रस्तावित इस मिनी मैराथन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी श्री सूरज कुमार ने सम्बंधित पदाधिकारियों को यथोचित दिशा निर्देश जारी किये हैं। वहीं इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने को लेकर सोमवार को जिला जन संपर्क पदाधिकारी संजय कुमार ने जेआरडी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में श्री मुकुल चौधरी , श्री बगीचा सिंह , श्री हसन इमाम सहित टाटा स्टील खेल विभाग के सम्बंधित पदाधिकारी मौजूद थे। 16 सितंबर को प्रस्तावित इस मिनी मैराथन ’’पर्या-थन’’ के आयोजन के उद्देश्य के बारे में जिला जन संपर्क पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि ओजोन सतह सूर्य की खतरनाक पराबैगनी विकिरणों से हमारी रक्षा करता है साथ ही पारिस्थितिकी को संतुलित करता है परंतु बहुत सारे मानव जनित कारणों से इस ओजोन सतह का क्षरण हो रहा है। उन मानव जनित कारणों में पॉलीथीन जैसे प्लास्टिक उत्पाद जनित प्रदूषण एक बड़ा कारण है। इसलिए जमशेदपुर में स्थानीय स्तर पर चल रहे नो पॉलिथीन अभियान की एक कड़ी के रूप में विश्व ओजोन दिवस पर पर्यावरणीय स्वच्छता का सन्देश परक मिनी मैराथन आयोजित किया जा रहा है। ’’पर्यावरण हेतु मैराथन’’ को संक्षिप्त नाम ’’पर्या-थन’’ दिया गया है। मैराथन का आरम्भ तथा समापन जेआरडी खेल परिसर में होगा। इस मैराथन में टाटा स्टील , जिला प्रशासन के पदाधिकारी , जिला पुलिस तथा जैप के जवान , सिविल डिफेन्स , रेड क्रॉस , एनसीसी , छात्र छात्राओं के अलावा शहर के स्वैच्छिक पर्यावरण प्रेमी सम्मिलित होंगे।
उल्लेखनीय है कि जमशेदपुर में आगामी 2 अक्टूबर को जन सहभागिता से ’’नो पॉलिथीन डे’’ के रूप में मनाये जाने की योजना है.