
महिलाओं ने किया थाने पर प्रदर्शन
जमशेदपुर ।

करनडीह स्थित कीनूडीह की 60 वर्षीय महिला के साथ विगत 16 जुलाई को दिन के लगभग 10.30 बजे एक युवक ने बर्बरतापूर्वक बलात्कार करने का मामला प्रकाश मे आया है । इस घटना की जानकारी होने के बाद कीनूडीह की दर्जनों स्थानिय महिलाओं ने परसुडीह थाना के समक्ष प्रदर्शन कर बलात्कारी युवक को गिरफ्तार करने की मांग की है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय महिला घटना के दिन कचड़ा फेंकने एलबीएसएम कॉलेज के पीछे स्थित मैदान में दिन के लगभग 10.30 बजे गयी थी। वहां उसे हाफ पैंट पहने एक युवक मिला तथा उस युवक ने उसके साथ मारपीट करते हुए बलात्कार किया। महिला के शरीर के कई स्थानों पर चोटों के निशान हैं। महिला ने बताया कि उक्त अज्ञात युवक ने बलात्कार और मारपीट करने के बाद उसे धमकी दी कि इस घटना के बारे में यदि किसी को बताया तो वह उसकी हत्या कर देगा। इसी भय से वह खामोश थी। उसने घटना के दिन ही इसकी जानकारी घर में अपने पति को दे दी थी। शुक्रवार को इस मामले में महिलाओं ने भुक्तभोगी महिला के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करायीगई। परसुडीह पुलिस ने महिला को चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। परसुडीह पुलिस ने इस मामले में कहा कि यह एक जघन्य अपराध है। इस वारदात को अंजाम देनेवाले को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।
कीनूडीह के ग्रामीणों ने बताया कि एलबीएसएम कॉलेज के पीछे स्थित उक्त मैदान में अक्सर बाहरी लड़कों द्वारा इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। यहां की महिलाएं जब शौच के लिए उक्त मैदान में जाती हैं तो उनके साथ ऐसी हरकत होने की संभावना रहती है। इन्होंने बताया कि लगभग तीन महीने पहले भी इस तरह की घटना बस्ती की एक अन्य महिला के साथ घटित हुई थी। लोकलाज के कारण उक्त घटना की शिकायत थाने तक नहीं पहुंची।
अब भी खुले मैदान में शौच के लिए जाती हैं महिलाएं
केंद्र और राज्य सरकार द्वारा घर – घर शौचालय का निर्माण कराए जाने के बावजूद इस योजना का कोई विशेष लाभ मिलने की बात को इस घटना ने झुठला दिया है। सरकार के लाख प्रचार – प्रसार के बावजूद महिलाएं आज भी शौच के लिए खुले मैदान में जाती हैं।
Comments are closed.