जमशेदपुर। बिष्टुपुर गोपाल मैदान में 21 जनवरी (गुरूवार) को भव्य टुसू मेला का आयोजन झारखंडवासी एकता मंच की ओर से किया जाएगा। इसमें अतिथियों के रुप में मुख्यमंत्री रघुवर दास सहित कई गण्यमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया हैं। उक्त जानकारी आज सोनारी में मंच द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मुख्य संयोजक आस्तिक महतो, सांसद सह मंच के संयोजक विद्युत वरण महतो, ईंचागढ़ के विधायक सह मंच के सह संयोजक साधुचरण महतो ने संयुक्त रूप से दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में तीन वर्गों के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा, जिसमें टुसू प्रतियोगिता में 7 पुरस्कार, चैड़ल में 4 पुरस्कार तथा बुढ़ी गाड़ी नाच प्रतियोगिता में 4 पुरस्कार प्रदान किये जाएंगे। साथ ही सभी टुसू व चैड़ल लानेवालों को सांत्वना पुरस्कार दिये जाएंगे। प्रतिमा व चैड़ल लेकर मैदान में प्रवेश करने का अंतिम समय अपराह्न 3 बजे तक है। इसके अलावा मेला में विशेष आकर्षित करनेवाले तथा अच्छा नाच करनेवालों को भी कमेटी के निर्णय पर पुरस्कृत किया जाएगा।
मेला में जुआ बंद होना चाहिए
सांसद विद्युत महतो तथा विधायक साधुचरण महतो ने संयुक्त रुप से कहा कि टुसू पर्व झारखंडवासियों के लिये एक महान पारंपरिक पर्व है। इसलिये वे राज्य सरकार से इस पर्व के मौके पर तीन दिन की सरकारी छुट्टी देने का आग्रह करेंगे। सांसद ने कहा कि इस मसले पर राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास से बात हुई हैं। झारखंड की संस्कृति से जुड़े महान पर्व पर कई जगहों पर लगने वाले मेले में जुआ का खेल और हब्बा-डब्बा पुरी तरह बंद होना चाहिए।
पुरस्कार राशि
टुसू – प्रथम पुरस्कार-31 हजार, द्वितीय-25 हजार, तृतीय-20 हजार, चतुर्थ-15 हजार, पांचवा-11 हजार एवं छठा पुरस्कार-7 हजार तथा सातवां-5 हजार।
चैड़ल – प्रथम पुरस्कार-25 हजार, द्वितीय-20 हजार, तृतीय-15 हजार एवं चैथा पुरस्कार-11 हजार रूपये.
बुढ़ी गाड़ी नाच – प्रथम-15 हजार, द्वितीय-11 हजार, तृतीय-7 हजार तथा चैथा पुरस्कार-5 हजार। संवाददाता सम्मेलन में बबलू महतो, अशोक सिंह, सुखदेव महतो, बाबू नाग, मकड़ महतो, उमाकांत आदि भी मौजूद थे।




