गम्हरिया
—–
स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए गए तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का रविवार को शुभारंभ गम्हरिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्रभारी डाॅ0 बलराम मुर्मु ने शिशु को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। अभियान के प्रथम दिन प्रखंड के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए 322 बूथों के अलावा नौ ट्रांजिट तथा पाँच मोबाइल बूथों पर कुल 53,652 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों, साहियाओं, आँगनबाड़ी सेविकाओं की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इसके अलावा क्षेत्र में विभिन्न चैक-चैराहों, रेलवे स्टेशन व बस स्टैंडों में मोबाईल व चलंत बूथ के माध्यम से भी बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी डाॅ0 मुर्मु ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार 89.9 प्रतिशत बच्चों को प्रथम दिन पोलियो की खुराक दी गई है जिसमें कुल 3156 भाईल दवा का प्रयोग किया गया। उन्होंने बताया कि आगामी दो दिनों तक प्रत्येक घरों में घूम-घूम कर छूटे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।




