रांची ।
राज्य सरकार ने प्रचंड गर्मी को देखते हुए राज्य भर के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में कक्षा आठ तक के लिए 28 अप्रैल से छुट्टी घोषित कर दी है। इस तरह राज्य के सभी सरकारी प्राइमरी व अपर प्राइमरी स्कूल इस तिथि से बंद हो जाएंगे, जबकि निजी स्कूलों में आठ तक की कक्षाएं स्थगित रहेंगी। राज्य सरकार ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया। राज्य सरकार ने सरकारी हाई व प्लस टू स्कूलों तथा निजी स्कूलों में कक्षा नौ से बारह तक की कक्षाओं के लिए समय में भी बदलाव किया है। ये स्कूल सुबह साढ़े छह बजे से साढ़े दस बजे तक ही चलेंगे। इसके अलावा राज्य सरकार ने सभी सरकारी व निजी स्कूलों में 8 मई से ही गर्मी की छुट्टी देने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार ने भीषण गर्मी को देखते हुए पहली बार इस तरह का आदेश राज्य भर के लिए जारी किया है। इससे पहले इस तरह के आदेश संबंधित उपायुक्तों द्वारा ही दिए जाते रहे हैं।
