जुगसलाई मे चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
जमशेदपुर ।
जुगसलाई फाटक के समीप सोमवार को अतिक्रमण हटाने का विरोध कर रही भीड़ के उग्र होने पर पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं। इसके बाद 42 दुकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर रेलवे की जमीन को मुक्त कराया गया। दरअसल, इस इलाके में रेलवे को ओवरब्रिज बनाना है। इस ओवरब्रिज के बन जाने से जुगसलाई रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को निजात मिलेगी। स्थानीय लोग काफी दिनों से इस रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनाने की मांग कर रहे हैं।
जुगसलाई में रेलवे क्रासिंग के दोनों ओर लगभग चार दर्जन दुकानें अवैध तरीके से बनाई गई हैं। इन दुकानों और मकानों के मालिकों को पहले ही नोटिस दिया जा चुका था। नोटिस में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए दी गई समय सीमा बीतने के बाद आज एसडीओ के नेतृत्व में उक्त दुकानों और मकानों को बुलडोजर चलाकर हटा दिया गया। प्रशासन की तरफ से पहले यहां के लोगों को नोटिस दे दिया गया था। इसके बावजूद स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किया गया। भीड़ को उग्र होते देख प्रशासनिक अधिकारी ने पुलिस को बल प्रयोग करने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर विरोध कर रहे लोगों को खदेड़ भगाया। अतिक्रमण हटाने के दौरान सड़क जाम हो गई, जिससे आने जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
