
– पंचायत दिवस पर राज्य भर से जुटेंगे तीन हजार प्रतिनिधि
संवाददाता, जमशेदपुर : आगामी 24 अप्रेल को भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जमशेदपुर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री के शहर आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने युद्धस्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। उधर, इसी क्रम में जमशेदपुर पहुंचे पंचायतीराज विभाग के प्रधान सचिव एनएन सिन्हा
और विशेष सचिव डॉ प्रवीन सरकार ने कार्यक्रम स्थल जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के साथ-साथ कई स्थानों का मुआयना किया। इस दौरान जमशेदपुर उपायुक्त डॉ अमिताभ कौशल और एसएसपी अनूप टी. मैथ्यू उनके साथ रहे। मालूम हो कि आगामी 24 अप्रैल को पंचायत दिवस पर आयोजित सम्मेलन में राज्य भर से तीन हजार पंचायत प्रतिनिधि जमशेदपुर में जुटेंगे। इनको ठहराने के लिए भवनों की सूची तैयार कर ली गई है। प्रधान सचिव तथा अन्य अधिकारियों ने इन भवनों का भी निरीक्षण किया।
वैसे प्रधान सचिव ने टाटा स्टील और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक भी की। आपको बता दें कि जेआरडी स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में 30 हजार लोगो के बैठने की व्यवस्था है। बैठक के बाद प्रधान सचिव ने बताया कि यदि लोगों की संख्या बढ़ेगी तो कीनन स्टेडियम का भी उपयोग किया जा सकता है। स्टेडियम में एलसीडी स्क्रीन पर लोग अपने प्रधानमंत्री को सुनेंगे।
इधर, प्रधानमंत्री को लेकर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया जा रहा है। साथ ही गाँव के 3 हजार जन प्रतिनिधियों को इस सम्मेलन में सम्मानित भी किया जाएगा।



