कोलकाता : सांसें ऊपर-नीचे हो रही थीं और जुबां हलक तक आ गई थी, लेकिन शनिवार को टी-20 विश्व कप के इस सबसे बड़े मुकाबले में पाकिस्तान के सामने अंतत: भारत अजेय और विराट साबित हुआ। 119 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जब भारतीय टीम ने 23 रन पर तीन विकेट गंवा दिए तो 60000 से ज्यादा दर्शकों के साथ ईडन गार्डेंस में बैठे मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर से लेकर महानायक अमिताभ बच्चन गुमसुम हो गए, लेकिन 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर जैसे ही भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने विजयी रन लिया तो सबके चेहरे खिल गए और तिरंगा लहराने लगा। अमिताभ और सचिन भी तिरंगा लहराने में पीछे नहीं रहे। भारत ही नहीं पाकिस्तान को भी पता चल गया था कि विश्व कप का सिकंदर भारत ही है। ग्रुप-दो के इस मुकाबले के हीरो विराट कोहली रहे। उनकी 37 गेंदों में नाबाद 55 रनों की पारी की बदौलत भारत ने लगातार 11वीं बार पाकिस्तानी टीम को विश्व कप में छह विकेट से धूल चटाई। इसी के साथ भारत ने ईडन गार्डेंस में पाकिस्तान से सीमित ओवरों के मुकाबले में न जीत पाने के इतिहास को भी बदल दिया।
