रांची।
पंजाब के पठानकोट में एयरबेस पर हुए आतंकी हमले ने सुरक्षा बलों की ¨चताएं बढ़ा दी हैं। पठानकोट के हमले के बाद हरकत में आए सुरक्षा बलों ने हर मोर्चे पर अपनी तैयारियों को नये सिरे से जांचने का काम शुरू कर दिया है। आगामी 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस के अवसर को देखते हुए सुरक्षा को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल के सभी अधिकारियों और जवानों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं। आरपीएफ के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले राउरकेला सहित अलग-अलग आरपीएफ थानों को बकायदा निर्देश जारी कर आगामी 26 जनवरी तक के लिए सभी तरह के अवकाश को रद किए जाने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन और ट्रेन के डिब्बों में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। सुरक्षा तैयारियों के मद्देनजर जांच के लिए लगातार खोजी कुत्तों की भी मदद ली जा रही है।
व्हाट्स एप ग्रुप बनाने का निर्देश
राउरकेला : रेलवे की तरफ से यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर रेलवे के अधिकारियों और आरपीएफ के अधिकारियों को व्हाट्स एप ग्रुप बनाने का लिखित निर्देश दिया गया है। रेलवे की ओर से जारी पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अधिकारियों के कितने व्हाट्स एप ग्रुप होंगे तथा इसमें कौन-कौन से अधिकारी शामिल होंगे? किस ग्रुप में ग्रुप एडमीन कौन होगा? यह तक बकायदा तय कर दिया गया है।
