जमशेदपुर।
विगत तीन दिनों से ज्वैलरी दुकानों के बंद होने के कारण लाखों रूपये का कारोबार प्रभावित हुआ है. शुक्रवार को स्वर्ण व्यवसायियों ने रैली निकालकर केन्द्र सरकार से फैसला बदने एवं एक्साइज ड्यूटी के माध्यम से इंस्पेक्टर राज का विरोध करते हुए कहा कि यदि सरकार अपने फैसले पर अडिग रही तो वे अनिश्चितकाल के लिए दुकानों को बंद कर देंगे. इस संबंध में ज्वैलर्स एसोशिएशन के प्रवक्ता ने बताया कि पिछले तीन दिनों से स्वर्ण व्यवसायियों के द्वारा देशव्यापी हड़ताल जारी है लेकिन केन्द्र सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वर्तमान केन्द्र सरकार यूपीए सरकार की गलतियों को दोहराने का प्रयास न करे. रैली में सैकड़ों की संख्या में स्वर्ण व्यवसाय से जुड़े कारीगर एवं व्यवसायी उपस्थित रहे. विदित हो कि आम बजट में सरकार ने अन- ब्रांडेड एवं ब्रांडेड ज्वैलरी पर एक्साइज ड्यूटी लगाने का प्रावधान किया है जिसका पूरे देश के स्वर्ण व्यवसायी विरोध कर रहे हैं. रैली का समापन बिष्टुपुर स्थित लाईट सिग्नल के निकट छगनलाल दयालजी ज्वैलर्स के समीप हुआ.
